प्रो.अनुकृति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय ब्रिक्स रिसर्च कॉन्फ्रेंस में किया कोटा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

दक्षिण अफ्रीका में आयोजित ब्रिक्स रिसर्च कॉन्फ्रेंस में सैनिटेशन, वेस्ट, वाटर, गवर्नेंस एवं ग्रीन इकोनॉमी विषयक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में एक्सपर्ट पैनलिस्ट के रूप में की सहभागिता, सतत विकास एवं वैश्विक ज्ञान आदान-प्रदान पर रखे विचार

राजस्थान की उच्च शिक्षा को वैश्विक अकादमिक मंचों से जोड़ने, विश्वविद्यालयों के अंतर्राष्ट्रीयकरण और ग्लोबल शोध सहयोग को बढ़ावा देने में प्रो.अनुकृति शर्मा निभा रही है महत्वपूर्ण भूमिका

ग्लोबल एक्सीलेंसी के साथ प्रदेश की उच्च शिक्षा वैश्विक मंच पर हो सशक्त : प्रो.अनुकृति शर्मा

कोटा, 20 नवंबर, कोटा विश्वविद्यालय की डिपार्टमेंट ऑफ़ टूरिज्म एंड हॉस्पिटलिटी की प्रो. (डॉ.) अनुकृति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय ब्रिक्स रिसर्च कॉन्फ्रेंस में कोटा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। प्रो. अनुकृति शर्मा 16 से 20 नवंबर तक 5 दिवसीय दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग लिम्पोपो प्रांत के थोहोयांडौ में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन सेनिटेशन, वाटर एंड वेस्ट (आईसीएसडब्लू 2) में बतौर विशेषज्ञ पैनलिस्ट के रूप में सम्मलित हुई, जहाँ उन्होंने इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सतत विकास, वैश्विक शोध सहयोग, पर्यावरणीय चुनौतियों तथा उच्च शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस कांफ्रेस का आयोजन “सेनिटेशन,वेस्ट,वाटर,गवर्नेंस एंड द ग्रीन इकॉनमी फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट” विषय पर किया गया था। स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संसाधन, सुशासन और हरित अर्थव्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान एवं शोध का आदान-प्रदान तथा सतत विकास से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए साझा प्रयासों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों पर चर्चा में प्रो.अनुकृति शर्मा ने “कंपरेटिव नॉलेज एक्सचेंज , पॉलिसी लर्निंग एंड सस्टेनेबिलिटी” विषयक पैनल चर्चा में भाग लेते हुए विभिन्न देशों के बीच तुलनात्मक ज्ञान आदान-प्रदान, नीतिगत अनुभवों के साझा उपयोग तथा सतत विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की महत्ता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रो. शर्मा की एक्सपर्ट पैनलिस्ट के रूप में सहभागिता ने कोटा विवि के वैश्विक शैक्षणिक संपर्कों, अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग को वैश्विक प्रतिनिधित्व प्रदान किया। गौरतलब है की विगत कई वर्षो से राजस्थान की उच्च शिक्षा को अंतर्राष्ट्रीय अकादमिक परिदृश्य से जोड़ने तथा प्रदेश के विश्वविद्यालयों में वैश्विक शैक्षणिक सहयोग, शोध एवं नवाचार की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में कोटा विवि में ऑफिस ऑफ़ इंटरनेशनल अफेयर्स और स्किल डेवलपमेंट सेंटर डायरेक्टर प्रो. अनुकृति शर्मा अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।

इस कॉन्फ्रेंस में ब्रिक्स देश सहित विश्व के विभिन्न देशों के शिक्षाविद्, शोधकर्ता, नीतिगत विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं सतत विकास क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्रित हुए। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, सुशासन और हरित अर्थव्यवस्था से संबंधित चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना, नवीन शोध निष्कर्षों को साझा करना तथा सतत विकास के लिए व्यावहारिक एवं सामूहिक समाधान तलाशना रहा। इस आयोजन से उच्च शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण, बहुविषयक शोध और वैश्विक सतत विकास लक्ष्यों के प्रति कोटा विश्वविद्यालय की अकादमिक मूल्यों को वैश्विक स्तर पर पहचान प्रदान की है।

प्रो.अनुकृति शर्मा द्वारा एक्सपर्ट पैनलिस्ट के रूप में अंतर्राष्ट्रीय संवाद के दौरान कहा कि वैश्विक परिदृश्य में स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण और पर्यावरणीय सुशासन केवल किसी एक देश की चुनौतियां नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण विश्व के सतत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। इन चुनौतियों के समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, प्रभावी नीतिगत ढांचा और जनभागीदारी के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग अत्यंत आवश्यक है। ग्रीन इकोनॉमी की अवधारणा को साकार करने के लिए संसाधनों के सतत उपयोग, सर्कुलर इकोनॉमी, पर्यावरण अनुकूल तकनीकों, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देना होगा। उच्च शिक्षण संस्थानों और शोध संस्थाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वविद्यालयों में होने वाला शोध केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित न रहकर समाज और वैश्विक चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान से जुड़ना चाहिए।

प्रो शर्मा ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि आज पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, जल संकट, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ब्रिक्स देश विश्व की एक बड़ी आबादी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में हमारे सामने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने की दोहरी जिम्मेदारी है। सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए ‘कंपरेटिव नॉलेज एक्सचेंज’ सबसे प्रभावी माध्यम है।

विशेष रूप से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण के क्षेत्र में भारत सहित सभी ब्रिक्स देशों ने कई नवाचार किए हैं। भारत में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ और ‘जल जीवन मिशन’ ने जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव लाए हैं। इसी प्रकार, अन्य सदस्य देशों के पास भी ग्रीन इकोनॉमी और सुशासन के बेहतरीन उदाहरण मौजूद हैं। हमें ऐसी नीतियों का निर्माण करना होगा जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी व्यावहारिक हों, ताकि ‘ग्रीन इकोनॉमी’ केवल एक अवधारणा न रहकर हमारी मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था बन सके।

सेनिटेशन, वेस्ट, वाटर, गवर्नेंस एवं ग्रीन इकोनॉमी जैसे विषय आज वैश्विक विकास की प्राथमिकताओं से सीधे जुड़े हुए हैं। इन क्षेत्रों में सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभिन्न देशों के अनुभवों, शोध निष्कर्षों और नीतिगत नवाचारों का परस्पर आदान-प्रदान बेहद आवश्यक है।वैश्विक चुनौतियों का समाधान केवल किसी एक देश के प्रयासों से संभव नहीं है। भारत के पास सतत विकास, जल प्रबंधन, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और हरित अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अपने अनुभव एवं नवाचारों को वैश्विक मंच पर साझा करने की व्यापक संभावनाएं हैं।

प्रो. शर्मा ने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच ज्ञान, तकनीक, शोध एवं अनुभवों का साझा आदान-प्रदान सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न देशों को एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से सीखने और साझा समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।सतत विकास केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक प्रगति, सामाजिक समावेशन, संसाधनों के न्यायसंगत उपयोग और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा हुआ है। इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में प्राप्त अनुभव एवं वैश्विक विशेषज्ञों के साथ हुआ संवाद निश्चित रूप से भविष्य के शोध, अकादमिक गतिविधियों और सतत विकास से जुड़े प्रयासों को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय अकादमिक मंचों पर राजस्थान के विश्वविद्यालयों की सहभागिता प्रदेश की उच्च शिक्षा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने, अंतर्राष्ट्रीय शोध सहयोग के अवसर विकसित करने और ज्ञान आधारित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राजस्थान प्रदेश के विश्वविद्यालयों के अंतर्राष्ट्रीयकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है प्रो. अनुकृति शर्मा

प्रो. अनुकृति शर्मा की इस अंतर्राष्ट्रीय सहभागिता को राजस्थान की उच्च शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण अकादमिक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। वे अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर प्रदेश की उच्च शिक्षा की संभावनाओं, विश्वविद्यालयों की शोध क्षमता और वैश्विक अकादमिक सहयोग की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में विगत कई वर्षो से सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से राजस्थान के उच्च शिक्षण संस्थानों को अंतर्राष्ट्रीय अकादमिक गतिविधियों से जोड़ने, वैश्विक विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित करने तथा शोध एवं ज्ञान साझेदारी के नए अवसर तलाशने की संभावनाओं में निरंतर अभिवृद्धि हुई है।

प्रो. शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप राजस्थान के विश्वविद्यालयों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अकादमिक पहचान विकसित करने के लिए बहुविषयक शोध, नवाचार, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विश्वविद्यालयों का अंतर्राष्ट्रीयकरण प्रदेश के विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के साथ-साथ राजस्थान को ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा।अब तक भारत के बाहर 18 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, भारत में 33 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन; कुल मिलाकर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रकाशन (11 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित शोध+ 22 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत) सहित कीनोट स्पीकर, चेयर, को-चेयर और पैनल सदस्य के रूप में 18 सम्मेलनों में भागीदारी के साथ प्रो शर्मा प्रदेश की उच्च शिक्षा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

प्रो. शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि ब्रिक्स रिसर्च कॉन्फ्रेंस जैसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर राजस्थान के शिक्षाविदों की सहभागिता से प्रदेश की उच्च शिक्षा को वैश्विक पहचान मिलेगी तथा विश्वविद्यालयों के बीच अंतर्राष्ट्रीय अकादमिक सहयोग, शोध साझेदारी और ज्ञान के आदान-प्रदान के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए शिक्षा, अनुसंधान और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए विश्वविद्यालयों से वैश्विक चुनौतियों के समाधान में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Categories:
error: Content is protected !!