बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर आद्या की ओर से संस्कार प्रोजेक्ट के अंतर्गत वृंदावन एन्क्लेव स्थित अपना घर आश्रम में राखी सेलिब्रेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्लब की सखियों ने आश्रम में रह रहे प्रभुजनों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।
राखी बांधने के दौरान कई प्रभुजनों की आंखों में भावुकता नजर आई। राखी के इस अवसर ने उन्हें अपनों और घर की पुरानी यादों से जोड़ दिया। वहीं, कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए भजनों के मधुर स्वरों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भजनों के साथ प्रभुजनों के चेहरों पर भी खुशी और मुस्कान लौट आई।
राखी बांधने के बाद क्लब की सदस्यों ने प्रभुजनों को मिठाई खिलाई और उनके साथ समय बिताया। हाथों में सजी राखी, चेहरे पर मुस्कान और अपनों जैसा स्नेह इस आयोजन की खासियत रहा। इस दौरान सेवा और अपनत्व का भाव दिखाई दिया।
कार्यक्रम में शालिनी भंडारी, प्रेमलता सिंघोदिया, संगीता तथा शीला सांखला का विशेष योगदान रहा। क्लब की सदस्यों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेम, अपनत्व और इंसानियत का भी पर्व है। जरूरतमंद और बेसहारा लोगों के साथ खुशियां बांटना ही इस पर्व की सच्ची सार्थकता है।







