सरला देवी पुरोहित (माँ) चैरिटेबल ट्रस्ट एवं भगतसिंह यूथ क्लब का साझा मानवीय आयाम
गंगाशहर, 4 अक्टूबर 2026 । सरला देवी पुरोहित (माँ) चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा भगतसिंह यूथ क्लब के सहयोग से आगामी 07 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविर के पोस्टर का लोकार्पण लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवमठ, शिवबाड़ी के महंत श्री विमर्शानन्द गिरि महाराज ने रविवार को किया। उन्होंने इस अवसर पर रक्तदान के कार्य को बहुत ही सराहनीय एवं पुण्य भरा काम बताते हुए कहा कि रक्तदान करने के इच्छुक युवाओं के उत्साहवर्धन हेतु वे शिविर में भी आएंगे। इस दौरान प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल, राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ, गंगाशहर के सचिव प्रभुदयाल गहलोत, शिविर संयोजक योगेश पुरोहित एवं युवा भाजपा नेता मंगल जोशी भी उपस्थित रहे। शिविर के संयोजक योगेश पुरोहित ने बताया कि स्मृति शेष सरला देवी पुरोहित की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किये जा रहे इस शिविर का आयोजन गोपेश्वर बस्ती स्थित पी एन पैलेस में होगा।
शिविर में रक्त संग्रहण और स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य चलाना हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ की देखरेख में संपन्न होगा। शिविर के संयोजक योगेश पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि स्मृति शेष सरला देवी पुरोहित का संपूर्ण जीवन परोपकार, सद्भावना और जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित था। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर उनके सामाजिक सरोकारों के सपनों को आगे बढ़ाते हुए इस रक्तदान शिविर का रूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि “रक्तदान महादान” है, और इस पहल से मिलने वाला रक्त आपातकालीन स्थिति में किसी की अमूल्य जान बचाने में मददगार साबित होगा। पुरोहित के अनुसार भगतसिंह यूथ क्लब की पूरी टीम इस शिविर में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए पूरे जोश और समर्पण के साथ जुटी हुई है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।








