UAE का दावा- ईरान ने मिसाइल और ड्रोन दागे:हवा में मार गिराया, 3 घायल; अमेरिका ने फिर ईरान पर बमबारी की

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

UAE का दावा- ईरान ने मिसाइल और ड्रोन दागे:हवा में मार गिराया, 3 घायल; अमेरिका ने फिर ईरान पर बमबारी की

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि ईरान ने उसके खिलाफ 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 3 ड्रोन दागे हैं। UAE रक्षा मंत्रालय ने X पर पोस्ट कर कहा कि सभी टारगेट्स को हवा में ही मार गिराया गया। हमले में 3 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इस दावे पर ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इसी बीच अमेरिका ने सीजफायर के बावजूद ईरान पर फिर बमबारी की। अमेरिका ने कहा कि ईरानी सेना ने उसके जंगी जहाजों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमला किया था।

इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान ने डील नहीं की तो अमेरिका आगे भी हमले करेगा।

वहीं, ईरान का दावा है कि अमेरिकी हमले में सैन्य ठिकानों नहीं, नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया। ईरानी सेना ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज स्ट्रेट और चाबहार पोर्ट के पास मौजूद अमेरिकी सैन्य जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में उसके तेल टैंकरों को निशाना बनाया।

ईरानी विदेश मंत्री बोले- हमारी मिसाइलें अभी खत्म नहीं हुईं

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि ईरान के मिसाइल भंडार खत्म हो चुके हैं।

अराघची ने कहा कि अमेरिकी CIA की इंटेलिजेंस गलत है। उन्होंने दावा किया कि ईरान का मिसाइल रिजर्व 120% पर है और देश अपनी जनता की रक्षा के लिए 1000% तैयार है।

अराघची ने X पर लिखा, “हर बार जब कूटनीतिक समाधान सामने आता है, अमेरिका सैन्य रास्ता चुनता है। ईरानी कभी दबाव में नहीं झुकेंगे।”

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

  1. 30 दिन के अस्थायी समझौते पर बातचीत: न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान 30 दिन तक लड़ाई रोकने और होर्मुज स्ट्रेट खोलने के प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे हैं। इसी दौरान स्थायी डील पर बातचीत जारी रहेगी।
  2. ट्रम्प- अमेरिकी जहाजों पर हमला हुआ: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज से गुजर रहे अमेरिकी जंगी जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले हुए, लेकिन अमेरिकी सेना ने उन्हें मार गिराया और “ईरानी छोटी नावों को तबाह कर दिया।”
  3. होर्मुज में करीब 1500 जहाज फंसे: संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के मुताबिक, होर्मुज संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 जहाज फंसे हुए हैं। तेल, गैस और सप्लाई चेन पर असर बढ़ रहा है, जबकि सोमालिया जैसे देशों में खाद्य संकट और गहरा गया है।
  4. इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष फिर तेज: इजराइल ने दावा किया कि उसने हिजबुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर अहमद बलूत समेत कई बड़े कमांडरों को बेरूत हमले में मार गिराया। जवाब में हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली टैंक और सैन्य ठिकानों पर हमलों का दावा किया।
  5. अमेरिका ने नए प्रतिबंध लगाए: अमेरिका ने ईरान से जुड़े नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए। इनमें इराक के डिप्टी ऑयल मिनिस्टर अली मारीज अल-बहादली और कई कंपनियां शामिल हैं। अमेरिका का आरोप है कि ये लोग तेल कारोबार के जरिए ईरान और उसके समर्थित समूहों की मदद कर रहे थे।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

6 मिनट पहले

ईरानी मीडिया का दावा- दुबई एयरपोर्ट के पास धुएं का गुबार उठता दिखा

ईरानी मीडिया आउटलेट प्रेस TV ने दावा किया है कि शुक्रवार सुबह हुए हमलों के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया। प्रेस TV ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी जारी किया है।

प्रेस TV ने X पर पोस्ट कर कहा कि सुबह हुए हमलों के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास धुआं उठता दिखाई दिया। पोस्ट के साथ जारी वीडियो में एयरपोर्ट इलाके के ऊपर धुएं का गुबार नजर आ रहा है।

हालांकि अब तक UAE सरकार या दुबई प्रशासन की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

08:55 PM8 मई 2026

अमेरिका बोला- ईरान के दो खाली टैंकरों पर हमला किया

अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ओमान की खाड़ी में दो खाली ईरानी तेल टैंकरों पर हमला किया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक ये जहाज अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन कर ईरानी बंदरगाह में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

CENTCOM ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिकी सेना ने दो ईरानी झंडे वाले खाली तेल टैंकरों को निशाना बनाया। इसके अलावा एक तीसरे ईरानी जहाज को भी निष्क्रिय कर दिया गया। अमेरिकी सेना के मुताबिक तीनों जहाज अब ईरान की ओर आगे नहीं बढ़ रहे हैं।

अमेरिका पहले भी कह चुका है कि वह ईरानी बंदरगाहों की ओर जाने वाले जहाजों की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करेगा।

08:16 PM8 मई 2026

हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरानी सुरक्षा बलों और अमेरिकी जहाजों के बीच झड़प

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में ईरानी सुरक्षा बलों और अमेरिकी जहाजों के बीच छिटपुट झड़पें हुई हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले एक घंटे के दौरान कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आए। हालांकि अब तक किसी नुकसान या हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है। ईरान पहले ही अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने और क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने का आरोप लगा चुका है।

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। खाड़ी देशों से निकलने वाला बड़ा हिस्सा तेल इसी रास्ते से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचता है।

07:46 PM8 मई 2026

ईरान बोला- अमेरिकी प्रस्ताव पर विचार कर रहे

ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका के ताजा प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है और उसके जवाब पर विचार जारी है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिका पर पिछली रात सैन्य कार्रवाई कर सीजफायर और अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का आरोप भी लगाया।

ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि वॉशिंगटन की सैन्य गतिविधियों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ाया है। बघाई ने कहा कि ईरानी सुरक्षा बल हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी आक्रामकता और दुस्साहस का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

07:40 PM8 मई 2026

US हमले के बाद लापता ईरानी नाविक का शव मिला

अमेरिकी हमले के बाद लापता हुए ईरानी नाविकों में से एक का शव बरामद किया गया है। ईरान के मिनाब काउंटी के गवर्नर मोहम्मद रदमेहर ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज और आसपास के इलाके में बाकी 4 नाविकों की तलाश अभी भी जारी है।

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रातभर हुए अमेरिकी हमले में एक ईरानी जहाज निशाना बना था। इस हमले के बाद जहाज पर मौजूद 5 नाविक लापता हो गए थे।

मिनाब काउंटी के गवर्नर मोहम्मद रदमेहर ने बताया कि रेस्क्यू टीमों को लापता नाविकों में से एक का शव मिल गया है। हालांकि मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

रदमेहर ने इससे पहले जानकारी दी थी कि इस नौसैनिक टकराव के दौरान 10 नाविक घायल भी हुए हैं। घायलों का इलाज जारी है।

06:41 PM8 मई 2026

US बोला- 70 से ज्यादा जहाजों को ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने से रोका

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि उसने 70 से ज्यादा जहाजों को ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने या वहां से निकलने से रोका है। अमेरिका के मुताबिक ये जहाज 16.6 करोड़ बैरल से ज्यादा ईरानी तेल ले जाने की क्षमता रखते थे, जिसकी अनुमानित कीमत 13 अरब डॉलर से ज्यादा है।

CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ लागू समुद्री नाकाबंदी अभियान के तहत यह कार्रवाई कर रही है।

अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के तेल निर्यात नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। हाल के दिनों में अमेरिकी सेना कई जहाजों को रोकने, वापस मोड़ने और समुद्री निगरानी बढ़ाने का दावा कर चुकी है।

06:05 PM8 मई 2026

अमेरिकी विदेश मंत्री बोले- ईरान से आज जवाब मिलने की उम्मीद

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका को आज ईरान की ओर से जवाब मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन चाहता है कि तेहरान ऐसा गंभीर प्रस्ताव दे, जिससे दोनों देशों के बीच औपचारिक बातचीत शुरू हो सके।

रोम में मीडिया से बातचीत के दौरान रुबियो ने कहा, “हमें आज कुछ पता चल जाना चाहिए।” हालांकि उन्होंने बताया कि पिछले एक घंटे तक अमेरिका को ईरान की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला था।

उन्होंने कहा कि ईरान का प्रशासनिक ढांचा इस समय काफी बिखरा हुआ और कमजोर नजर आ रहा है। यही वजह प्रतिक्रिया में देरी का कारण भी हो सकती है।

05:20 PM8 मई 2026

ईरान बोला- हमारी मिसाइलें खत्म नहीं हुईं, अमेरिकी इंटेलिजेंस गलत

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि तेहरान के मिसाइल भंडार खत्म हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA की जानकारी गलत है।

अराघची ने दावा किया कि ईरान की मिसाइल क्षमता खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “हमारा मिसाइल रिजर्व 120% पर है।” अराघची ने यह भी कहा कि ईरानी जनता की रक्षा के लिए देश की तैयारी “1000%” है।

अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “हर बार जब कोई कूटनीतिक समाधान सामने आता है, अमेरिका लापरवाह सैन्य कार्रवाई का रास्ता चुनता है।” उन्होंने कहा कि चाहे वजह कुछ भी हो, नतीजा एक ही रहता है, ईरानी कभी दबाव में नहीं झुकते।

04:57 PM8 मई 2026

UAE बोला- ईरान ने 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 3 ड्रोन दागे, हवा में मार गिराया

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कहा है कि ईरान ने उसके खिलाफ 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 3 ड्रोन दागे हैं।

UAE रक्षा मंत्रालय के मुताबिक एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी मिसाइल और ड्रोन को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। हमले में 3 लोग घायल हुए हैं। हालांकि घायलों की पहचान और राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया गया है।

UAE का दावा है कि ईरान के हमले शुरू होने के बाद से अब तक उसकी एयर डिफेंस यूनिट्स 551 बैलिस्टिक मिसाइल, 29 क्रूज मिसाइल और 2,263 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर चुकी हैं।

04:39 PM8 मई 2026

भारत बोला- खाड़ी देशों की स्थिति पर नजर रख रहे

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने कहा है कि वह खाड़ी देशों के हालात पर लगातार नजर रख रही है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (गल्फ) असीम आर. महाजन ने कहा कि सरकार का फोकस खाड़ी और पश्चिम एशिया में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और मदद पर है।

मंत्रालय के मुताबिक भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए स्पेशल कंट्रोल रूम लगातार काम कर रहा है। यहां लोगों की शिकायतों और सवालों का जवाब दिया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ लगातार संपर्क में है। जानकारी साझा करने और जरूरत पड़ने पर मदद पहुंचाने के लिए समन्वय किया जा रहा है।

खाड़ी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते भारत ने निगरानी बढ़ा दी है। सरकार क्षेत्र में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा से जुड़े हर घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

04:05 PM8 मई 2026

ईरान ने ऑयल टैंकर ‘ओशन कोई’ जब्त किया

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ‘ओशन कोई’ नाम के एक तैल टैंकर जब्त किया है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक टैंकर पर ईरान के तेल निर्यात में बाधा डालने की कोशिश का आरोप है। हालांकि टैंकर के झंडे, मालिकाना हक और चालक दल की जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।

03:23 PM8 मई 2026

इजराइल में ईरान के लिए जासूसी के आरोप में 4 गिरफ्तार

इजराइल में तीन सैनिकों और एक आम नागरिक को ईरान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने संवेदनशील सैन्य ठिकानों के वीडियो बनाए थे।

इजराइली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चारों आरोपियों को मार्च में गिरफ्तार किया गया था। अटॉर्नी जनरल ऑफिस ने अब उनके खिलाफ औपचारिक आरोप दायर किए हैं।

शिन बेट और पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एयरफोर्स की ट्रेनिंग फैसिलिटी समेत कई संवेदनशील जगहों के वीडियो बनाए। रिपोर्ट में कहा गया कि जिन जगहों की रिकॉर्डिंग की गई, उनमें कुछ आरोपी पहले पढ़ाई भी कर चुके थे।

इजराइली अधिकारियों का दावा है कि कुछ आरोपियों ने खुद अपनी मर्जी से ईरानी एजेंट्स से संपर्क किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कथित गतिविधियों के समय आरोपी नाबालिग थे। मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और आगे की जांच जारी है।

02:40 PM8 मई 2026

होर्मुज स्ट्रेट पर चीनी तेल टैंकर पर हमला 

चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि स्ट्रेट में एक चीनी तेल टैंकर पर हमला हुआ है। जहाज पर चीनी नागरिक भी मौजूद हैं, हालांकि अब तक किसी क्रू मेंबर के हताहत होने की खबर नहीं है।

अल जजीरा के मुताबिक, मंत्रालय ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव से बड़ी संख्या में जहाज प्रभावित हो रहे हैं, जिसे लेकर वह बेहद चिंतित है।

साथ ही चीन ने घोषणा की है कि देश में 9 मई से पेट्रोल और डीजल की रिटेल कीमतों में बढ़ोतरी की जाएगी।

देश की सरकारी योजना एजेंसी के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत 320 युआन यानी करीब ₹4,440 प्रति मीट्रिक टन बढ़ाई जाएगी। वहीं, डीजल के दाम 310 युआन यानी करीब ₹4,302 प्रति मीट्रिक टन बढ़ेंगे।

02:30 PM8 मई 2026

जापानी कंपनी बोली- होर्मुज पार करने के लिए कोई शुल्क नहीं दिया

जापान की शिपिंग कंपनी मित्सुई ओएसके लाइंस (MOL) ने कहा है कि अप्रैल में उसके तीन जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार कर खाड़ी क्षेत्र से बाहर निकले, लेकिन उन्होंने किसी तरह का ट्रांजिट शुल्क नहीं दिया।

ईरान ने अमेरिका-इजराइल युद्ध खत्म करने के प्रस्तावों में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क या टोल लगाने की बात कही थी।

रॉयटर्स से बातचीत में कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि भविष्य में भी कंपनी ऐसा कोई शुल्क देने का इरादा नहीं रखती। जब पूछा गया कि जहाज बिना शुल्क दिए स्ट्रेट से कैसे गुजर गए, तो MOL ने इसका श्रेय संबंधित देशों और दूसरे पक्षों की कोशिशों को दिया।

प्रवक्ता ने कहा, “हम आगे भी अपने क्रू, जहाजों और माल की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देंगे।” कंपनी से जुड़ी एक अन्य फर्म के दो भारतीय झंडे वाले LPG कैरियर जहाज भी इस रास्ते से गुजर चुके हैं।

01:34 PM8 मई 2026

इजराइली हमले में लेबनानी सिविल डिफेंस कर्मी की मौत

लेबनान के दक्षिणी इलाके में हुए इजराइली हवाई हमले में लेबनानी सिविल डिफेंस के एक सदस्य की मौत हो गई है।

सिविल डिफेंस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राशाया-कफरशौबा रोड पर एक कर्मी इजराइली एयरस्ट्राइक का निशाना बना, जिसमें उसकी मौत हो गई।

इससे पहले, इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों और गांवों के लोगों को तुरंत अपने घर छोड़ने का आदेश दिया है।

इजराइली सेना के अरबी भाषा के प्रवक्ता अविचाय अद्राई ने X पर पोस्ट कर अल नमरियाह, तायर फिलिसिया, हल्लूसियाह, अपर हल्लूसियाह, तुराह और मरकाह के लोगों से बिना देरी घर खाली करने को कहा।

उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग हिजबुल्लाह के ठिकानों, हथियारों या लड़ाकों के आसपास मौजूद रहेंगे, उनकी जान खतरे में पड़ सकती है।

01:29 PM8 मई 2026

होर्मुज स्ट्रेट पार कर साउथ कोरिया पहुंचा पहला तेल टैंकर

होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाला एक तेल टैंकर साउथ कोरिया पहुंच गया है। ईरान की घेराबंदी के बीच इस रास्ते से कोरिया पहुंचने वाला यह पहला जहाज है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, माल्टा के झंडे वाला ‘ओडेसा’ नाम का टैंकर शुक्रवार को सियोसान तट के पास एक मूरिंग सुविधा के करीब देखा गया।

इस जहाज में करीब 10 लाख बैरल कच्चा तेल है। माना जा रहा है कि इसके पहुंचने से साउथ कोरिया में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता कुछ कम होगी। रिपोर्ट के मुताबिक ओडेसा 17 अप्रैल को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरा था, जब घेराबंदी में थोड़ी ढील दी गई थी।

वहीं, साउथ कोरिया की लोकल न्यूज एजेंसी ने बताया कि हाल ही में UAE के तट के पास विस्फोट और आग से क्षतिग्रस्त हुआ साउथ कोरियाई जहाज दुबई पोर्ट पहुंच गया है।

पनामा के झंडे वाला ‘एचएमएम नामु’ जहाज, जिसे साउथ कोरियाई शिपिंग कंपनी एचएमएम कंपनी संचालित करती है, सोमवार को हुए विस्फोट के बाद खींचकर दुबई पोर्ट लाया गया।

12:41 PM8 मई 2026

होर्मुज में फंसे भारतीय नाविक बोले- हम परेशान है

करीब 10 हफ्तों से ईरानी बंदरगाह पर फंसे भारतीय नाविक अनीश बोले, “हमने यहां पूरा हाल देखा है। युद्ध, मिसाइलें, सब कुछ। हमारा दिमाग पूरी तरह परेशान हो चुका है।”

अल जजीरा से बात करते हुए उन्होंने बताया कि वह युद्ध शुरू होने से कुछ दिन पहले एक कार्गो जहाज से शत्त अल अरब जलमार्ग पहुंचे थे। तब से वह उसी जहाज पर फंसे हुए हैं।

अनीश ने बताया कि कुछ भारतीय नाविक ईरान और आर्मेनिया की 44 किलोमीटर लंबी जमीनी सीमा पार करके घर लौटने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अब भी फंसे हुए हैं क्योंकि उन्हें सैलरी नहीं दी जा रही।

उन्होंने बताया कि फिलहाल वह आलू, प्याज, टमाटर और रोटी खाकर गुजारा कर रहे हैं। हालांकि, उन्हें खबर मिली है कि कई दूसरे जहाजों पर खाना और पानी तेजी से कम हो रहा है।

संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के मुताबिक करीब 20 हजार नाविक अब भी फंसे हुए हैं।

11:46 AM8 मई 2026

होर्मुज में कई जहाजों में आग लगने के संकेत

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास हुए हमलों के के बाद, NASA की FIRMS सैटेलाइट ने होर्मुज के पार कई जगहों पर आग लगने के संकेत दिए है।

11:38 AM8 मई 2026

UNSC में होर्मुज प्रस्ताव पर रूस-चीन वीटो लगा सकते हैं 

होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने से जुड़ा एक मसौदा प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में लाया गया है। इस प्रस्ताव को परिषद के कई देशों का समर्थन मिलने की संभावना है।

इस प्रस्ताव के मुख्य समर्थक अमेरिका और बहरीन हैं, जबकि खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के देशों ने भी इसे सह-प्रायोजित किया है। हालांकि, इस प्रस्ताव के पास होने में सबसे बड़ी रुकावट रूस और चीन बन सकते हैं, क्योंकि दोनों देशों के पास वीटो पावर है।

अल जजीरा के मुताबिक, रूस और चीन ने सुरक्षा परिषद के सदस्यों से कहा है कि वे मौजूदा स्वरूप में इस प्रस्ताव को वीटो कर सकते हैं। उनका कहना है कि इसमें ईरान पर संभावित प्रतिबंधों का संकेत दिया गया है, जबकि युद्ध शुरू करने के लिए अमेरिका और इजराइल को सीधे जिम्मेदार नहीं ठहराया गया।

फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस प्रस्ताव पर वोटिंग कब होगी, लेकिन यह अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है।

11:14 AM8 मई 2026

ईरान में अमेरिका-इजराइल हमलों से एयरपोर्ट को नुकसान का वीडियो

ईरानी स्टेट मीडिया ने अमेरिका-इजराइल हमलों में एयरपोर्ट और यात्री विमान को नुकसान का वीडियो जारी किया…

11:10 AM8 मई 2026

पूर्व अमेरिकी राजनयिक बोले- हालिया हमला नियंत्रित तनाव

पूर्व अमेरिकी राजनयिक और सुरक्षा विशेषज्ञ डोनाल्ड जेनसन ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच हाल में हुई नौसैनिक झड़प को सिर्फ छोटी मुठभेड़ नहीं, बल्कि कंट्रोल्ड एस्केलेशन यानी नियंत्रित तनाव बताया है।

अल जजीरा से बातचीत में जेनसन ने कहा कि दोनों देश बातचीत के बीच अपनी ताकत और इरादे दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि साथ ही कुछ अहम मुद्दों पर समझौते का ढांचा तैयार करने की कोशिश भी चल रही है।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच किसी तरह का समाधान निकलने की संभावना है, लेकिन यह वैसा बड़ा और व्यापक समझौता नहीं होगा जैसा दोनों चाहते हैं। उनके मुताबिक, समझौता फिलहाल मुख्य रूप से हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही पर केंद्रित रह सकता है।

जेनसन ने यह भी कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे बड़े कूटनीतिक मुद्दों को फिलहाल पीछे रखना पड़ सकता है, क्योंकि दुनिया की प्राथमिकता अभी वैश्विक अर्थव्यवस्था को दोबारा स्थिर करना है।

10:41 AM8 मई 2026

होर्मुज स्ट्रेट तनाव से तेल कीमतों में उछाल

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट में हुई सैन्य झड़प के बाद वैश्विक तेल बाजार में बड़ा उछाल देखा गया। ब्रेंट क्रूड 7.5% तक चढ़कर 103.70 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। बाद में एशियाई बाजार खुलने पर इसमें कुछ नरमी आई और कीमत 101.12 डॉलर प्रति बैरल पर रही।

साथ ही, शुक्रवार को अमेरिकी तेल कीमतों में भी तेजी आई। WTI 2.58 फीसदी यानी 2.45 डॉलर बढ़कर 97.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

युद्ध शुरू होने से पहले के मुकाबले ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 40% की बढ़ोतरी हो चुकी है। बाजार में रोजाना 1.45 करोड़ बैरल तेल उत्पादन की कमी का अनुमान लगाया जा रहा है।

तेल कीमतों में उछाल का असर शेयर बाजारों पर भी दिखा। शुक्रवार को जापान का निकेई 225, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हांग सेंग 1% से ज्यादा टूट गए। अमेरिकी बाजार में एस एंड पी 500 इंडेक्स भी 0.4% गिरकर बंद हुआ।

10:23 AM8 मई 2026

अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की

अमेरिकी सेना ने गुरुवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि ये कार्रवाई उन सैन्य सुविधाओं के खिलाफ की गई, जहां से अमेरिकी युद्धपोतों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी बोट्स के जरिए हमले किए गए थे।

CENTCOM के मुताबिक अमेरिकी युद्धपोत होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे थे, तभी उन पर उकसावे वाले हमले किए गए। अमेरिकी सेना ने सभी हमलों को इंटरसेप्ट करने के बाद जवाबी कार्रवाई में मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइट्स, कमांड सेंटर और सर्विलांस सिस्टम को निशाना बनाया। अमेरिकी सेना ने कहा कि वह तनाव बढ़ाना नहीं चाहती, लेकिन अपने सैनिकों और सैन्य संसाधनों की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।

वहीं, ईरानी सेना के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अमेरिकी एयरस्ट्राइक में नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया गया। ईरान ने इसे संघर्षविराम की भावना के खिलाफ बताया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक होर्मुज क्षेत्र और कुछ बंदरगाह इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालांकि, नुकसान और हताहतों को लेकर दोनों देशों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

09:41 AM8 मई 2026

होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी अहम घटनाएं

4 मार्च: ईरान ने हॉर्मुज पर कंट्रोल की घोषणा की और कहा कि यह रास्ता उसके दुश्मनों के लिए बंद हो चुका है।

8 अप्रैल: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी, लेकिन ईरान ने होर्मुज को बंद ही रखा। उसने आरोप लगाया कि इजराइल अब भी लेबनान में हमले कर रहा है।

13 अप्रैल: पाकिस्तान में शांति वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। इसके बाद अमेरिका ने भी होर्मुज के दूसरे तरफ नाकेबंदी शुरू कर दी।

2 मई: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने का ऐलान किया, जिसका मकसद होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षा देकर निकालना है।

4 मई: प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू। अमेरिकी नेवी ने होर्मुज से जहाजों को सुरक्षित निकालना शुरू किया। नाराज ईरान ने जहाजों पर हमले किए।

5 मई: राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रोजेक्ट फ्रीडम बंद करने का ऐलान किया। अमेरिका 2 दिन में सिर्फ 3 जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कर पाया।

8 मई: ट्रम्प ने बताया कि ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाजों पर हमला किया, जिसके बाद दोनों देशों के जहाजों के बीच फायरिंग हुई।

Categories:
error: Content is protected !!