NATIONAL NEWS

चूहा आंख कुतर गया, दूसरे मरीज टॉर्च के सहारे:5 घंटे बिजली गुल, बर्न वार्ड में AC बंद; घर से पंखा-कूलर ला रहे परिजन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

*चूहा आंख कुतर गया, दूसरे मरीज टॉर्च के सहारे:5 घंटे बिजली गुल, बर्न वार्ड में AC बंद; घर से पंखा-कूलर ला रहे परिजन*
कोटा संभाग के सबसे बड़े एमबीएस (महाराव भीमसिंह अस्पताल) के स्ट्रोक यूनिट में चूहा एक महिला की आंख कुतर गया। मंगलवार दिन में 3 बजे से 4.30 बजे तक पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, बर्न वार्ड व ऑर्थो वार्ड में जाकर देखा तो नजारा चौंकाने वाला था। साथ ही अस्पताल प्रशासन के दावों की पोल खोलता नजर आया। पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में मंगलवार सुबह 11 बजे से बंद हुई बिजली शाम 4 बजे तक नहीं आई। बर्न वार्ड में AC बंद मिले। ऑर्थो वार्ड में भी यही हाल थे। मरीजों को गर्मी से बचाने के लिए तीमारदारों (मरीज की देखभाल करने वाला व्यक्ति) को घर से कूलर,पंखे लाना पड़ रहा है।

पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में सुबह 11 बजे से बंद हुई बिजली शाम 4 बजे तक नहीं आई।

*पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में बिजली बंद*
पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में दो ब्लॉक है। एक ब्लॉक में सुबह 11 बजे से बिजली बंद हुई। जिसकी शाम 4 बजे तक चालू नहीं हो सकी। जबकि सामने वाले ब्लॉक में लाइट चालू थी। यहां बूंदी जिले के केशोरायपाटन से आए राजेंद्र ने बताया कि उनके 11 साल के बेटे अमित को 16 मई को भर्ती करवाया था। उसके पेट का ऑपरेशन हुआ है। सुबह 11 बजे से लाइट बंद है। गर्मी में परेशान हो रहे है। हाथ के पंखे से हवा करनी पड़ रही है। स्टाफ से कहा तो उनका कहना था लाइट है आ जाए तभी है।इसी वार्ड में चाकूबाजी में घायल सोनू भी भर्ती है। उसके परिजन अंधेरे में हाथ के पंखे से हवा करते नजर आए। नर्सिंग स्टाफ ने मोबाइल की रोशनी में इंजेक्शन लगाया। तीमारदार राजू ने बताया कि उसके भाई सोनू को आज ही वार्ड में शिफ्ट किया गया है। सुबह से लाइट जा रही है। जबकि सामने वाले ब्लॉक में लाइट चालू है। यहां AC भी बंद है। स्टाफ से बोला तो बाहर से लाइट खराब होना बताया।

बर्न वार्ड में मरीज के बेड के पास विंडो AC लगा है, लेकिन कूलिंग नहीं दे रहा।

*बर्न वार्ड*
यहां आमने सामने वार्ड बने है। दोनों में AC व डक लगे हैं। एक वार्ड में ना तो AC काम कर रहा है न ही डक ठंडी हवा दे रहा है। वार्ड में एक महिला अपने बच्चे को संभालती मिली। महिला मनीषा ने बताया कि उसका बेटा दाल से जल गया था। मंगलवार सुबह 10 बजे वार्ड में शिफ्ट किया था। उनके बेड के पास विंडो AC लगा है, लेकिन कूलिंग नहीं दे रहा। डक भी गर्म हवा दे रहा है।

ऑर्थो वार्ड में भर्ती मरीज के परिजनों को छोटा कूलर खरीदकर लाना पड़ा है।

*ऑर्थो वार्ड*
ऑर्थो वार्ड में भर्ती मरीज भी गर्मी से बेहाल मिले। यहां लगे कूलर, डक गर्म हवा फेंक रहे हैं। मजबूर तीमारदारों को घर से कूलर, पंखे लाने पड़ रहे है। यहां मौजूद साजिद ने बताया कि उसके बड़े पापा 15 मई की रात यहां भर्ती हैं। वार्ड में कुछ भी व्यवस्था नहीं है। कूलर में पानी नहीं है। गर्म हवा फेंकते हैं, डक से हवा नहीं आती। मजबूरी में 3 हजार का छोटा कूलर खरीदकर लाना पड़ा है। वार्ड में कई मरीज ऐसे मिले जिन्होंने ने घर से लाए टेबल फैन लगा रखे थे।तीमारदारों का कहना था कि गर्मी के दिनों में हॉस्पिटल में कूलिंग की व्यवस्था तो होनी चाहिए। ऑर्थो वार्ड के ICU में AC, पंखे लगे हैं। AC का पानी लीक होकर फर्श पर गिरता है। तीमारदार व मरीजों को उठाने बैठने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिर भी डर के मारे लोग नहीं बोल पाते। एक महिला ने नसीम बानो ने हिम्मत दिखाई और वार्ड की व्यवस्थाओं के बारें में बताया। नसीम बानो ने कहा कि उनकी भाभी 3 दिन से यहां भर्ती है बेड के ऊपर AC लगा है। उसका पानी गिरकर सीधा फर्श पर आ रहा है। पानी के कारण ठीक से उठ बैठ नहीं पाते। बाथरूम में भी साफ सफाई नहीं हो रही।

ऑर्थो वार्ड में कई मरीज ऐसे मिले जो घर से टेबल फैन लेकर आए हैं।

*न्यूरो इंटरवेंशन लैब से ऑक्सीजन पाइप लाइन चोरी*
हॉस्पिटल के हालातों का जायजा लेते समय पता चला कि कुछ दिन पहले न्यूरो इंटरवेंशन लैब से ऑक्सीजन पाइप लाइन चोरी हो गई। घटना 10 से 15 दिन पुरानी है। रात के समय अज्ञात चोर लैब के पीछे वाले हिस्से से करीब 20 फीट का टुकड़ा काटकर ले गए। आनन फानन में 3, 4 पेशेंट को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा। यहां 8 बेड का आईसीयू है। हालांकि हॉस्पिटल प्रशासन ने ऑक्सीजन पाइप लाइन को ठीक करवा लिया। लेकिन अभी तक चोरों का पता नही लगा।हॉस्पिटल अधीक्षक डॉक्टर नवीन सक्सेना का कहना है कि मंगलवार सुबह नगर विकास न्यास (UIT) द्वारा कार्य के दौरान केबल फाल्ट हो गई थी। इससे हॉस्पिटल की लाइट बंद हो गई थी। जनरेटर पर शिफ्ट हो गई थी। सभी को AC बंद करने को कहा था। आधे घंटे में व्यवस्था ठीक हो गई थी। पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में इंचार्ज व इलेक्ट्रिक सेक्शन के बीच कम्युनिकेशन गैप रहा। एक ब्लॉक की लाइट चालू हो गई थी। इंचार्ज से पूछा तो उसने लाइट चालू होने बताया। जबकि सामने वाले ब्लॉक का फ्यूज जल गया था। इसलिए लाइट बंद रही। शाम 4 बजे सूचना मिलने पर तुरंत ठीक करवा दिया। बर्न वार्ड में 17 साल पुराना सेंट्रल एसी लगा हुआ है। जो ठीक नहीं हो सकता है।एक AC की मोटर खराब है। जबकि ऑर्थो वार्ड में सर्दी के दिनों में भी इंचार्ज ने डक को चालू रखा था। इसलिए डक खराब हो गया। इसके रिपेयरिंग के टेंडर कर दिए है। न्यूरो इंटरवेंशन लैब में ऑक्सीजन पाइप लाइन को अज्ञात चोर काट कर ले गए। थाने में शिकायत दी है। पाइप लाइन को ठीक करवाया गया है।

ऑर्थो वार्ड के ICU में AC का पानी लीक होकर फर्श पर गिरता है।
अस्पताल के बर्न वार्ड में लगा डक भी गर्म हवा फेंक रहा है।
पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में चूहे पकड़ने के लिए रखा बॉक्स।
FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
error: Content is protected !!