कोटा। प्री.बी.पी.एड.- प्री.एम.पी.एड. परीक्षा-2024 का आयोजन 8 सितम्बर 2024 को किया गया । परीक्षा समन्वयक डॉ. कपिल गौतम ने बताया कि लिखित परीक्षा निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई । परीक्षा में कुल 10279 में से 86.09 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित हुए । उन्होंने सम्पूर्ण राजस्थान में परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर सभी परीक्षार्थियों एवं परीक्षा में शामिल समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दी । सह-समन्वयक डॉ. नीरज अरोड़ा ने बताया कि कुल 8142 बी.पी.एड. परीक्षार्थियों में से 85.36 प्रतिशत ने परीक्षा दी तथा कुल 2137 एम.पी.एड. परीक्षार्थियों में से 88.86 प्रतिशत ने परीक्षा में भाग लिया । उक्त परीक्षा की उत्तर कुंजी 11-09-2024 को जारी किये जाने की संभावना है इसके बाद परीक्षार्थी उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं, जिसके लिए शुल्क 100/- रूपये प्रति परीक्षार्थी निर्धारित किया गया है । आपत्ति दर्ज करवाने की अंतिम तिथि 13-09-2024 होगी । परीक्षा परिणाम जारी करने की संभावित तिथि 17-09-2024 है । डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के पश्चात् सफल आवेदकों का शारीरिक दक्षता परीक्षण कराया जाएगा । कुल सीटों का तीन गुना सफल आवेदकों को शारीरिक दक्षता परीक्षण के योग्य माना जाएगा तथा शारीरिक दक्षता परीक्षण में उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों को ही बी.पी.एड./एम.पी.एड. में प्रवेश हेतु पात्र माना जावेगा, जिसके लिए मेरिट लिस्ट बनाई जावेगी । शारीरिक दक्षता परीक्षण से पूर्व परीक्षार्थियों को पंजीयन शुल्क रूपये 5000/- जमा कराना होगा । इसकी जानकारी समय-समय पर बी.पी.एड. आवेदकों के लिए pbpedvmou24.com एवं एम.पी.एड. आवेदकों के लिए pmpedvmou24.com पर दी जावेगी इसलिए आवेदक नियमित रूप से वेबसाईट का निरीक्षण करें । माननीय कुलपति महोदय ने परीक्षार्थियों की 86.09 प्रतिशत उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु विश्वविद्यालय की परीक्षा आयोजन समिति एवं सभी परीक्षा केन्द्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी ।
प्री.बी.पी.एड.- प्री.एम.पी.एड. परीक्षा-2024 सफलता पूर्वक सम्पन्न
September 8, 2024
2 Min Read











Add Comment