GENERAL NEWS

महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय का अष्ठम दीक्षांत समारोह शुक्रवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र की अध्यक्षता में होगा आयोजन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 6 जून। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय का अष्ठम् दीक्षान्त समारोह शुक्रवार को विश्वविद्यालय के संत मीरा बाई सभागार में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने बताया कि इस दिन विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह भी राज्यपाल की उपस्थिति में मनाया जाएगा। दीक्षान्त एवं स्थापना दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। परिसर को झण्डों एवं रंगीन रोशनी के माध्यम से सजाया गया है। यह झंडे विश्वविद्यालय द्वारा सम्बद्धता प्राप्त 300 से अधिक महाविद्यालयों से मंगवाए गए हैं।
एक लाख 26 हजार 880 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां
कुलपति ने बताया कि अष्टम दीक्षान्त समारोह में परीक्षा वर्ष 2021 में उत्तीर्ण हुए कुल 1 लाख 26 हजार 880 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं इसी वर्ष की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 54 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। कला संकाय की दिव्या हर्ष को कुलाधिपति पदक एवं शिक्षा संकाय की किरण शर्मा को कुलपति पदक प्रदान किया जायेगा। दीक्षान्त समारोह में ही 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2021 तक के 39 विद्यार्थियों को विद्या-वाचस्पति की उपाधि प्रदान की जाएगी।
राज्यपाल करेंगे विभिन्न लोकार्पण और शिलान्यास
कुलपति ने बताया कि समारोह में राज्यपाल श्री मिश्र द्वारा विश्वविद्यालय के शिव काशी द्वार, बायोडाइवर्सिटी पार्क, लेफ्टिनेंट कर्नल किशन सिंह शूटिंग रेन्ज, महर्षि भारद्वाज भवन के विस्तार एवं संत मीरा बाई सभागार में महाराजा गंगा सिंह की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दीक्षान्त एवं स्थापना दिवस समारोह को विशिष्ठ बनाने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा पहली बार सात दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस श्रृंखला के 1 से 6 जून तक प्रतिदिन विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए इन्डोर गेम, योगा, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, गायन, नृत्य, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
पहली बार देंगे महाराजा गंगा सिंह और डॉ. करणी सिंह अवार्ड
कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित की पहल पर दीक्षान्त समारोह के दिन पहली बार सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी को महाराजा गंगा सिंह अवार्ड एवं खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को डॉ. करणी सिंह खेल अवार्ड प्रदान किया जाएगा। सत्र 2022-23 के लिए विश्वविद्यालय योगा विभाग की प्रियंका को महाराजा गंगा सिंह अवार्ड तथा चूरू बालिका महाविद्यालय की छात्रा निकिता लाम्बा को महाराजा करणी सिंह खेल अवार्ड प्रदान किया जाएगा। अन्तर्राष्ट्रीय वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली निकिता लाम्बा को 3 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न क्रियाकलापों को प्रदर्शित करने वाली दीक्षा स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
अतिरिक्त कुल सचिव डॉ. बिठ्ठल बिस्सा ने कार्यक्रम का संचालन किया और विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया। कुलपति और विभिन्न अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह से जुड़े पोस्टर का विमोचन किया।
इस दौरान कुलसचिव हरि सिंह मीणा, वित्त नियंत्रक अरविंद बिश्नोई, उप कुल सचिव डॉ. गिरिराज हर्ष और परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजा राम चोयल मौजूद रहे।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

About the author

THE INTERNAL NEWS

Add Comment

Click here to post a comment

error: Content is protected !!