NATIONAL NEWS

स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह शनिवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र करेंगे अध्यक्षता

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare


बीकानेर, 24 फरवरी। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. अरुण कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय विश्वविद्यालय, झांसी के कुलाधिपति प्रो. पंजाब सिंह दीक्षांत उद्बोधन देंगे। असम विश्वविद्यालय, जोरहट के पूर्व कुलपति प्रो. अमरनाथ मुखोपाध्याय विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 और 2021 के दीक्षांत समारोह ऑनलाइन हुए थे।
कुलपति ने बताया कि अब तक विश्वविद्यालय के 18 दीक्षांत समारोह आयोजित हो चुके हैं। इनमें कुल 17 हजार 396 विद्यार्थियों को स्नातक, 3 हजार 864 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर तथा 757 विद्यार्थियों को विद्यावाचस्पति की उपाधियां प्रदान की गई हैं।
विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षांत समारोह में 1 हजार 793 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधियां तथा 42 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसी प्रकार 22 विद्यार्थियों को विद्यावाचस्पति की उपाधि प्रदान की जाएगी। इनके अलावा विभिन्न विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 14 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं एक विद्यार्थी को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। प्रो. पंजाब सिंह व प्रो. अमरनाथ मुखोपाध्याय को कृषि क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के फलस्वरूप विश्वविद्यालय उनको डॉक्टर ऑफ साईन्स उपाधि से भी सम्मानित करेगा।
इस दौरान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डाॅ. आई. पी. सिंह, अनुसंधान निदेशक डाॅ. प्रकाश सिंह और प्रसार शिक्षा निदेशक प्रो. सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे। परीक्षा नियंत्रक डाॅ. राजेन्द्र राठौड़ ने दीक्षांत समारोह की रूपरेखा के बारे में बताया।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
error: Content is protected !!