NATIONAL NEWS

कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र बोले- जनता चाहती है सचिन सीएम बनें:लोग कहते हैं पायलट को देखकर वोट दिया था, हमें ठगा गया

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र बोले- जनता चाहती है सचिन सीएम बनें:लोग कहते हैं पायलट को देखकर वोट दिया था, हमें ठगा गया
कांग्रेस में सचिन पायलट और CM अशोक गहलोत खेमों के बीच चल रही खींचतान अब बयानबाजी के रूप में खुलकर सामने आने लगी है। सचिन पायलट समर्थक नेता और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई है।चौधरी ने कहा- राजस्थान की जनता सचिन पायलट को चीफ मिनिस्टर के रूप में देखना चाहती है। मुझे लोग कहते हैं। हमने तो पायलट को देखकर ही वोट दिया था। जो जनता चाहती है मैं बिना लाग लपेट के वही बात बता रहा हूं। बुजुर्ग लोग मुझे कान में कहते हैं- सोनिया गांधी को समझाइए। हमने पायलट को देखकर वोट दिए थे। हमें ठगा गया है।

जनता की बातों पर गौर करना चाहिए
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से राजेंद्र चौधरी ने कहा- हम जनभावना को समझकर उसके अनुसार काम नहीं करेंगे तो रिजल्ट कैसे आएंगे। जनता जो चाहती है, उसकी तो हमें कद्र करनी होगी। जनता जो बातें कह रही है, उन पर गौर करना होगा। जनभावना के अनुसार फैसले नहीं करने पर नुकसान ही होता है।

जनता ने रिजल्ट दे दिया था
चौधरी ने कहा- जब हमारी सीटें 21 पर आ गई थीं। तब सोनिया गांधी ने सचिन पायलट को राजस्थान में अध्यक्ष बनाकर भेजा। पायलट ने हाड़तोड़ मेहनत की। हमने मिलकर खूब संघर्ष किया। जब विधानसभा चुनाव हुए तो पार्टी को 21 सीटों से 100 पर पहुंचाया। कांग्रेस की सरकार बनी। छह महीने बाद ही लोकसभा चुनाव हुए तो हम सभी 25 लोकसभा सीट हार गए।

जनता ने छह महीने बाद ही रिजल्ट दे दिया था
मुख्यमंत्री के क्षेत्र सरदारपुरा से कांग्रेस 44 हजार वोटों से हार गई। मुख्यमंत्री के बेटे लाखों के अंतर से चुनाव हारे। छह महीने में ही सरकार ने ऐसा क्या बुरा कर दिया था। इस पर चिंतन करने की जरूरत है कि यह क्यों हुआ। जनता ने छह महीने बाद ही अपना रिजल्ट दे दिया था। यह साफ संकेत था। पायलट को सीएम नहीं बनाने पर जनता ने ऐसा किया।

पायलट के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब पैमाना है
चौधरी ने कहा- सचिन पायलट के जन्मदिन पर जिस तरह जनसैलाब उमड़ा, उसने कई इशारे कर दिए हैं। मैंने कभी वैसी भीड़ नहीं देखी। लोग अपने आप चलकर आए थे। किसी के लिए कोई साधन नहीं लगाया गया था।राजनीतिक कार्यक्रमों में लोगों को लाया जाता है, लेकिन पायलट के जन्मदिन पर लोग खुद आए थे। पायलट के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब अपने आप में एक पैमाना है कि राजस्थान की जनता का मूड क्या है? किस नेता की तरफ हैं।

गहलोत राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो सीएम पद छोड़ना होगा
राजेंद्र चौधरी ने कहा- अशोक गहलोत अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते हैं तो उन्हें पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष का नॉमिनेशन भरने से पहले सीएम पद से इस्तीफा देना होगा। दोनों पदों पर रहना गलत होगा और अध्यक्ष पद के साथ न्याय नहीं होगा।

जन्मदिन के बहाने समर्थकों ने किया था शक्ति प्रदर्शन
कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और राजस्थान के डिप्टी सीएम रहे सचिन पायलट के जन्मदिन के बहाने उनके समर्थकों ने हफ्ते दिन पहले ही जयपुर में शक्ति प्रदर्शन किया था। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा होने के बाद बीते कुछ दिनों से पायलट गुट एग्रेसिव दिख रहा है। समर्थक विधायक दावा कर रहे हैं कि सचिन को सीएम बनाने की मांग में कई विरोधी गुट के सदस्य भी अब उनके साथ हैं।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

About the author

THE INTERNAL NEWS

Add Comment

Click here to post a comment

error: Content is protected !!