गायब जॉइंट कमिश्नर जीएसटी साधु की तरह मिले:पुलिस से बोले- मैं तन और मन की शांति के लिए निकला था

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

गायब जॉइंट कमिश्नर जीएसटी साधु की तरह मिले:पुलिस से बोले- मैं तन और मन की शांति के लिए निकला था

जयपुर से 6 दिन पहले गायब हुए जीएसटी स्टेट टैक्स के जॉइंट कमिश्नर संजय गुप्ता मंगलवार को ऋषिकेश में पुलिस को मिल गए हैं। पुलिस ने संजय गुप्ता को पकड़ा तो वे योग शिविर में थे। कहा- वह मन और तन को शांत करने के लिए ऋषिकेश गए थे।

महेश नगर पुलिस ने मौके से परिवार को कॉल पर गुप्ता के मिलने की जानकारी दी। पत्नी और बेटे से भी उनकी बात कराई। संजय गुप्ता से पुलिस ने फोन बंद करने और झूठ बोलकर निकलने के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। पुलिस संजय को बुधवार सुबह तक जयपुर लेकर पहुंचेगी।

परिवार का 6 दिन से रो-रोकर बुरा हाल
सीआई सरोज धायल ने बताया- संजय गुप्ता एक सीनियर अधिकारी हैं। उनके गायब होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने हर संभव प्रयास किया था। संजय के मोबाइल बंद करने से पुलिस को भी उन्हें सर्च करने में परेशानी हो रही थी। गायब होने वाले दिन संजय गुप्ता ऋषिकेश की ट्रेन में बैठे थे। उन्होंने बस्सी के पास में अपना मोबाइल बंद कर लिया था। इसके बाद वह ऋषिकेश पहुंच कर योग साधन में लग गए।

पुलिस ने ऋषिकेश में लोकल सोर्स को सर्च किया तो संजय गुप्ता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची।

पत्नी बोली थी- पहली बार हुआ ऐसा
संजय गुप्ता की पत्नी और दो बेटे हैं। गुप्ता की पत्नी ने बताया था कि पहली बार वह इस तरह से गायब हुए थे। बिना कुछ बताए और मोबाइल भी बंद कर लिया था। घर से नागौर शादी में जाने के लिए निकले थे, लेकिन ऋषिकेश पहुंच गए। उन से बात हो गई है। वह ठीक है। यही चाहिए परिवार को। जब जयपुर आएंगे तब पूछेंगे की किस क्या कारण से वह घर छोड़ कर निकले थे।

ये है मामला
संजय गुप्ता शनिवार दोपहर 4 बजे घर पर पत्नी को बोल कर निकले थे कि वह डीडवाना एक शादी में जा रहे हैं। अकेले ही कार से डीडवाना रवाना हो गए। शनिवार रात करीब 8-9 बजे संजय की पत्नी की संजय से बात हुई। संजय गुप्ता ने उन्हें कहा कि वह शादी में पहुंच गए। इसके बाद से उनका मोबाइल नम्बर बंद था। रविवार को भी मोबाइल चालू नहीं होने पर संजय गुप्ता की पत्नी महेश नगर थाने पहुंची थी। पुलिस को जानकारी दी।

Categories:
error: Content is protected !!