पश्चिमी राजस्थान में सर्दी के तेवर नरम: बीकानेर में दिन और रात के पारे में गिरावट नहीं; चूरू में भी सामान्य से ज्यादा तापमान

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

पश्चिमी राजस्थान में सर्दी के तेवर नरम:दिन और रात के पारे में गिरावट नहीं; चूरू में भी सामान्य से ज्यादा तापमान

बीकानेर

दिसंबर आधा बीत चुका है लेकिन पश्चिमी राजस्थान में अब तक कड़ाके की सर्दी का असर दिखाई नहीं दिया है। न सिर्फ बीकानेर बल्कि आमतौर पर सबसे ठंडा रहने वाला चूरू भी सामान्य से ज्यादा तापमान में चल रहा है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में पारा सामान्य है लेकिन यहां भी सर्दी का असर यहां भी नहीं है।

संभाग के पांच जिलों में पारा सामान्य या फिर सामान्य से अधिक नजर आ रहा है। मौसम विभाग की रविवार रात जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीकानेर और चूरू में तापमान सामान्य से ज्यादा है। खास बात ये है कि न्यूनतम पारा ढाई से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच बढ़ा हुआ है। ऐसे में रात की सर्दी आम दिनों से कम है। बीकानेर में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस है, जबकि सामान्य तौर पर आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास होता है। मौसम विभाग के मुताबिक सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस तापमान ज्यादा है। इसी तरह अधिकतम तापमान बीकानेर में 27 डिग्री सेल्सियस है। ये भी करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आम दिनों में 24 से 26 के बीच ही पारा रहता है। बीकानेर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई है, ऐसे में दिन-रात दोनों ही समय सर्दी का मिजाज समय के अनुकूल नजर नहीं आ रहा है।

चूरू में भी कमोबेश ऐसे ही हालात है। चूरू में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस है। ये सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आमतौर पर चूरू में इन दिनों में पारा पांच से छह डिग्री के बीच होता है। इसी का असर है कि चूरू और बीकानेर के बीच बसे श्रीडूंगरगढ़ में भी हमेशा से कम सर्दी है।

श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान तो सामान्य दिनों से भी कम है लेकिन रात में यहां भी सामान्य से अधिक पारा चढ़ रहा है। ऐसे में दिन में कोहरे का असर दिखता है लेकिन रात में पारा सामान्य से ज्यादा है। पिछले चौबीस घंटे में यहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा है जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम है। दरअसल, नहरी क्षेत्र होने के कारण दिन में यहां खेतों में पानी के कारण भी पारा गिरता है। वहीं रात में तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। सामान्य तौर पर इन दिनों में श्रीगंगानगर में पारा 7 डिग्री सेल्सियस या इससे भी कम रहता है।

Categories:
error: Content is protected !!