प्रोत्साहन योजना:राज्य के 55727 मेधावी विद्यार्थियों को चुनाव आचार संहिता के बाद मिलेंगे टैबलेट, चयन सूचियां तैयार
शिक्षा सत्र 2021-22 और 2022-23 के 55,727 मेधावी विद्यार्थियों को लोकसभा चुनाव आचार संहिता के बाद टैबलेट का वितरण किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी है। सरकारी स्कूलों के समस्त वर्गो के मेधावी स्टूडेंट्स जिन्होंने 2022 और 2023 के तहत 8वीं, 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक अर्जित किए हैं, उन्हें वरीयता के आधार पर टैबलेट का वितरण किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार कर ली है। जिलेवार तैयार इस सूची का वेरिफिकेशन सात दिन में संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को करना होगा। उपनिदेशक योजना माध्यमिक शिक्षा ने इस संबंध में सभी डीईओ को परीक्षा 2022 और 2023 में चयनित पात्र विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। डीईओ की ओर से सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को टैबलेट का वितरण होने की उम्मीद है।
विदित रहे कि कोविड के चलते 2019 के बाद बोर्ड परीक्षाओं के मेघावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और टैबलेट का वितरण नहीं हो पाया है। दरअसल, कोविड के चलते 2019-20 में लैपटॉप का वितरण नहीं हुआ। वहीं 2020-21 में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा नहीं हुई।
बीकानेर में 2078 छात्र – छात्राएं पात्र
बीकानेर जिले में आठवीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के 2071 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट का वितरण होगा। परीक्षा – 2022 में जिले से 1145 और 2023 में 993 विद्यार्थी का चयन हुआ है। राज्य स्तर पर परीक्षा -2022 के 27861 और परीक्षा 2023 के 27866 विद्यार्थी पात्र हैं।
“सरकार को चाहिए कि बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले टॉपर स्टूडेंट्स को आगे की पढ़ाई के लिए समय पर टैबलेट का वितरण हो ऐसी व्यवस्था की जाए।”
महेंद्र पांडे, महामंत्री, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
“शिक्षा निदेशालय से टैबलेट के लिए पात्र बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं की चयन सूचियां प्राप्त हो गई हैं। चयन सूचियों में प्रदर्शित अंकों का विद्यार्थी की अंक तालिका से मिलान के लिए वेरिफिकेशन का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा।”
-गजानंद सेवक, डीईओ, माध्यमिक
Add Comment