
महारानी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु समस्त संकायों की रिक्त सीटों के लिए विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों के लिए आयुक्तालय द्वारा पोर्टल पुनः खोला गया है।महाविद्यालय की स्नातक स्तर की नोडल अधिकारी प्रोफेसर मोनिका क्षेत्रपाल ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर कला में कुल 1300 सीटें निर्धारित है, जिसमें प्रथम सूची में 1016 विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ है जबकि वाणिज्य संकाय में 200 सीटों में से 89 विद्यार्थी प्रवेशित हुए हैं। वहीं विज्ञान संकाय बायोग्रुप में प्रथम सेमेस्टर हेतु निर्धारित 176 सीटों में से प्रथम सूची में 148 विद्यार्थियों को प्रवेशित किया गया है, स्नातक प्रथम सेमेस्टर गणित में 88 सीटें हैं, उसमें से 45 विद्यार्थी प्रथम सूची में प्रवेशित हुए हैं। महाविद्यालय में कुल 1764 सीटो में 1298 विद्यार्थियों को प्रवेश प्राप्त हुआ है। स्नातक स्तर पर विभिन्न संकायों में वर्गवार स्थान रिक्त हैं, अतः आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा जयपुर के द्वारा उन वर्गों हेतु पुन: आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
स्नातक प्रथम सेमेस्टर में कला संकाय में ई डब्ल्यू एस, एसटी तथा एमबीसी श्रेणी के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं स्नातक विज्ञान संकाय के बायोलॉजी ग्रुप के लिए एसटी तथा एमबीसी श्रेणी के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
वाणिज्य संकाय में तथा विज्ञान संकाय के गणित ग्रुप में सभी वर्गों के अभ्यर्थी 22 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। रिक्त स्थानों के लिए प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 25 जुलाई को होगा । महाविद्यालय में मूल दस्तावेज तथा ईमित्र पर शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई तथा प्रवेशित विद्यार्थियों की सूची के प्रकाशन की तिथि 30 जुलाई 2025 है।













Add Comment