राजस्थान की 7 लोकसभा सीटों के नामों पर बनी सहमति!:दिल्ली में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में नड्डा-शाह रहे मौजूद; कल सीईसी में मुहर संभव

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

राजस्थान की 7 लोकसभा सीटों के नामों पर बनी सहमति!:दिल्ली में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में नड्डा-शाह रहे मौजूद; कल सीईसी में मुहर संभव

दिल्ली में बुधवार को प्रदेश बीजेपी कोर कमेटी की बैठक हुई। बीजेपी मुख्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर तैयार किए गए पैनल को लेकर चर्चा हुई।

माना जा रहा है कि बैठक में 7 सीटों पर नामों के पैनल पर सहमति बन गई है। इन्हें गुरुवार को दिल्ली में ही होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद पहले चरण में घोषित होने वाले प्रत्याशियों की लिस्ट में राजस्थान की इन सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं।

प्रदेश बीजेपी कोर कमेटी की दिल्ली में हुई बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर और अन्य नेता मौजूद रहे।

इन सीटों पर बनी सहमति
दिल्ली में हुई बैठक में कोटा-बूंदी, झालावाड़ा-बारां, जोधपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, चूरू और बांसवाड़ा सीट पर लगभग सहमति बन चुकी है। इन सीटों के पैनल को कल होने वाली सीईसी की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद संभावना है कि बीजेपी इन सीटों पर पहले चरण में प्रत्याशी घोषित कर सकती है। शेष सीटों पर आगे मंथन जारी रहेगा।

दिल्ली में बैठक से पहले जयपुर में मंगलवार को सीएमआर में प्रदेश के नेताओं की मीटिंग आयोजित हुई थी।

दिल्ली में बैठक से पहले जयपुर में मंगलवार को सीएमआर में प्रदेश के नेताओं की मीटिंग आयोजित हुई थी।

कल केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित
दिल्ली में बुधवार को कई राज्यों की प्रदेश कोर कमेटी की बैठकें हुईं। गुरुवार को भी इन बैठकों का दौर जारी रहेगा। उसके बाद शाम को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में राज्यों की तरफ से प्रदेशाध्यक्ष, मुख्यमंत्री और जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार नहीं है, वहां के नेता प्रतिपक्ष बैठक में मौजूद रहेंगे।

सीईसी में पहले चरण में घोषित होने वाले प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लग सकती है। जानकारों का मानना है कि बीजेपी पहले चरण में देशभर में 100 प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। सीईसी की बैठक के बाद अगले सप्ताह बीजेपी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है।

लोकसभा सीटों को ए और बी कैटेगरी में बांटा
विधानसभा चुनाव की तर्ज पर ही बीजेपी ने प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों को भी ए और बी कैटेगरी में बांटा है। ए कैटेगरी में उन सीटों को शामिल किया गया है, जिनको हर तरह से सेफ माना जा रहा है।

ए कैटेगरी में जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, झालावाड़-बारां, कोटा-बूंदी, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, पाली, जोधपुर, जालोर, बीकानेर, उदयपुर, सीकर, डूंगरपुर-बांसवाड़ा, श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चूरू और राजसमंद लोकसभा सीटें शामिल हैं।

बी कैटेगरी में करौली-धौलपुर, दौसा, भरतपुर, टोंक-सवाई माधोपुर, बाड़मेर, अलवर और नागौर लोकसभा सीटों को रखा गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने नागौर सीट को आरएलपी के लिए छोड़ दिया था, लेकिन इस बार बीजेपी 25 सीटों पर ही प्रत्याशी उतारेगी।

इन सीटों पर चेहरा बदलने की तैयारी
बीजेपी इस बार 25 लोकसभा सीटों में से 15 पर प्रत्याशी बदल सकती है। इन 15 में से 6 सीटें वो हैं, जिनके सांसदों को बीजेपी ने विधानसभा चुनाव लड़ाया था। इनमें दीया कुमारी, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और बाबा बालकनाथ विधायक बन चुके हैं। ऐसे में राजसमंद, जयपुर ग्रामीण और अलवर लोकसभा सीट पर नया प्रत्याशी उतारा जाएगा।

वहीं जिन तीन सीटों के सांसद विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाए, उनको बदलने की भी पूरी संभावना है। इनमें अजमेर से भागीरथ चौधरी, जालोर-सिरोही से देवजी पटेल और झुंझुनूं से नरेंद्र कुमार खींचड़ को इस बार पार्टी फिर से टिकट देने के मूड में नहीं है।

इसके अलावा जयपुर शहर, टोंक-सवाई माधोपुर, दौसा, करौली-धौलपुर, उदयपुर, डूंगरपुर-बांसवाड़ा, श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ और भीलवाड़ा लोकसभा सीट पर भी पार्टी नया प्रत्याशी उतार सकती है।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!