एमएस कॉलेज में ‘द डॉकलैब – अ न्यू वर्ड ऑफ बायोलॉजी’ राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को मिला हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग का अवसर

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

मॉलिक्यूलर डॉकिंग की आधुनिक तकनीक से शोध को मिलेगी नई दिशा

बीकानेर। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर के प्राणीशास्त्र विभाग की ओर से सोमवार को ‘द डॉकलैब – अ न्यू वर्ड ऑफ बायोलॉजी’ विषय पर मॉलिक्यूलर डॉकिंग की राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में देश के विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों ने आधुनिक बायोइन्फॉर्मेटिक्स, मॉलिक्यूलर डॉकिंग और शोध की नवीन संभावनाओं पर विचार साझा किए। कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग रही, जिसमें विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को मॉलिक्यूलर डॉकिंग तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास), बीकानेर के कुलपति डॉ. सुमंत व्यास रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रोफेसर दिग्विजय सिंह, गवर्नमेंट नॉमिनी एवं महाविद्यालय विकास समिति सदस्य, प्रोफेसर राजेंद्र पुरोहित, प्राचार्य, डूंगर महाविद्यालय तथा डॉ. अभिषेक वशिष्ठ, निदेशक (शोध), महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रजनीरमण झा ने की। राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर की सहायक आचार्य डॉ. वंदना नूनिया एवं रिसोर्स पर्सन श्री राजेंद्र सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञ व्याख्यान दिए।

उद्घाटन सत्र का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रोफेसर अभिलाषा आल्हा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। प्राचार्य प्रोफेसर रजनीरमण झा ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा को पारंपरिक अध्ययन के साथ आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं अनुसंधान से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध के नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि डॉ. सुमंत व्यास एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी वैज्ञानिक अनुसंधान में आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। उद्घाटन सत्र के अंत में प्रोफेसर मंजू मीणा ने आभार व्यक्त किया।

तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने शोध एवं विज्ञान के विभिन्न आयामों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। सर्वप्रथम डॉ. अभिषेक वशिष्ठ ने अनुसंधान की प्रक्रिया, शोध की संभावनाओं तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके बाद डॉ. वंदना नूनिया ने ऑनलाइन व्याख्यान में बायोइन्फॉर्मेटिक्स की मूल अवधारणाओं, आधुनिक जीवविज्ञान में इसकी उपयोगिता तथा वैज्ञानिक अनुसंधान में इसकी बढ़ती भूमिका को विस्तार से समझाया। वहीं रिसोर्स पर्सन श्री राजेंद्र सिंह ने वायरोलॉजी के क्षेत्र में मॉलिक्यूलर डॉकिंग के अनुप्रयोगों तथा वायरस से संबंधित अनुसंधान में इसकी प्रासंगिकता पर जानकारी दी।

कार्यशाला की आयोजन सचिव डॉ. कविता जोशी ने मॉलिक्यूलर डॉकिंग पर विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन देते हुए इसकी कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं एवं व्यावहारिक उपयोगों को समझाया। उन्होंने लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को इस आधुनिक तकनीक की प्रक्रिया से परिचित करवाया। इसके पश्चात आयोजित हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने स्वयं मॉलिक्यूलर डॉकिंग की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने कम्प्यूटेशनल तकनीकों की सहायता से विभिन्न अणुओं के बीच होने वाली अंतःक्रियाओं को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण औषधि विकास, जैविक अनुसंधान और आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में मॉलिक्यूलर डॉकिंग की उपयोगिता को समझने की दृष्टि से विशेष महत्वपूर्ण रहा।

समापन एवं वैलिडिक्टरी सत्र में प्रतिभागियों से कार्यशाला के विभिन्न सत्रों पर फीडबैक लिया गया। प्रश्नावलियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से उनके ज्ञान का मूल्यांकन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।

कार्यशाला का आयोजन प्राणीशास्त्र विभाग की आयोजन सचिव डॉ. कविता जोशी के नेतृत्व में किया गया। संयुक्त आयोजन सचिव के रूप में मुकेश स्वामी, सुधीर कुमार, कोमल राठौड़, डॉ. पूजा मीणा, वैष्णवी सिंह एवं तनुजा कंवर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन डॉ. नैना टाक ने किया।

यह राष्ट्रीय कार्यशाला विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ने, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी की समझ विकसित करने तथा औषधि विकास एवं आणविक अनुसंधान के नए आयामों से परिचित करवाने की दिशा में महाविद्यालय की एक महत्वपूर्ण अकादमिक पहल सिद्ध हुई।

Categories:
error: Content is protected !!