रिश्तेदार बनकर आई महिला, 35 लाख नकद ,जेवरात लेकर फरार:भांजे की पत्नी बता घर में रुकी

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

रिश्तेदार बनकर आई महिला, 35 लाख नकद ,जेवरात लेकर फरार:भांजे की पत्नी बता घर में रुकी,

बीकानेर के बज्जू थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दम्पति के घर रिश्तेदार बनकर रुकी महिला 35 लाख रुपए और जेवरात लेकर फरार हो गई। सुबह घर का सारा सामान बिखरा दिखा तो दम्पति को चोरी का पता चला। घटना के दो दिन बाद बुधवार को मामला दर्ज करवाया गया है।

भलूरी के पूर्व सरपंच धन्नाराम आचार्य (79) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह और उनकी पत्नी घर में अकेले रहते हैं। 30 जुलाई को एक महिला आई और खुद को फलौदी निवासी भांजे किशन की पत्नी बताया। रात को महिला उनके घर में रुकी। सोने से पहले दूध में बुजुर्ग दम्पति को नींद की गोलियां दे दी। जब धन्नाराम और उनकी पत्नी गहरी नींद में सो गए तो महिला घर में रखे 35 लाख रुपए और 20 तोला सोना और 2 किलो से अधिक चांदी के जेवरात चोरी कर ले गई। बताया जा रहा है कि उसके दो साथी भी वहां पहुंच गए थे।

घर में रखे थे 35 लाख रुपए

धन्नाराम के घर में 35 लाख रुपए रखे हुए थे। इनमें 21 लाख 50 हजार उनके भतीजे के थे, जो उसने रखने के लिए दिए थे। शेष करीब पंद्रह लाख रुपए खुद धन्नाराम के थे।

सोने चांदी के आभूषण भी गए

महिला ने पुराने डिजाइन का मछी सूलिया, कंठी, झूमरी सांकली, हार, अंगूठी, बोरिया, मंगलसूत्र सहित कुल 20 तोला सोना, चांदी की पायलें, सिक्के, कंदौरा, टणका, सहित 2 किलो से अधिक चांदी अपने साथ ले गई।

जिंदा कारतूस भी चोरी

धन्नाराम ने पुलिस को बताया कि घर में रखे 24 जिंदा कारतूस और बंद बोलेरो गाड़ी की चाबी भी वो चोरी कर ले गई।

सुबह उठे तो पता चला

सुबह बुजुर्ग दंपति उठे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखे रुपए और जेवरात गायब थे। इस पर धन्नाराम ने फलौदी में रहने वाले भांजे किशन को फोन किया तो उसने बताया कि उसकी पत्नी कहीं गई ही नहीं। घर पर आई महिला उसकी पत्नी नहीं थी। तब सभी को पता चला कि महिला चोर ने वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद धन्नाराम ने अपने भतीजे मघाराम को बुलाया और वारदात की जानकारी दी। बज्जू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

Categories:
error: Content is protected !!