लू-तापघात को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने वीसी द्वारा लिया व्यवस्थाओं का जायजा

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 25 मार्च। तापमान में आए उछाल के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से फील्ड अधिकारियों व कार्मिकों को सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने हेतु अलर्ट किया गया है। वीसी में मौजूद डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ लोकेश गुप्ता द्वारा जिले की विशेष परिस्थितियों के संदर्भ में स्वास्थ्य विभाग की तैयारी की समीक्षा की गई। डॉ गुप्ता ने कहा कि आगामी दिनों में तापमान के बढ़ने के साथ लू-तापघात होने की आशंका बढ़ गई है इसलिए विभाग इससे प्रभावितों को तुरंत राहत देने हेतु पूर्व तैयारियाँ करे। चिकित्सक सहित सभी स्टाफ मुख्यालय पर आवश्यक रूप से उपस्थित रहें तथा लू ताप घात के मरीज आने पर प्रोटोकॉल अनुसार तत्काल जीवन रक्षक उपचार शुरू करें। उन्होंने इस क्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ व आशा सहयोगिनियों के माध्यम से आमजन में जागरूकता लाने व बचाव के साथ-साथ प्राथमिक उपचार सिखाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी अस्पतालों में लू-तापघात के रोगियों हेतु कुछ बैड आरक्षित रखते हुए वहां छाया, कूलर व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, संस्थान में रोगी के उपचार हेतु आपातकालीन किट में ओर.आर.एस., ड्रिपसेट, फ्लूड एवं आवश्यक दवाईयां रखने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिला स्तर से जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य, ब्लॉक स्तर से ब्लॉक सीएमओ नोखा डॉ कैलाश गहलोत, ब्लॉक सीएमओ कोलायत डॉ सुनील जैन, ब्लॉक सीएमओ लूणकरणसर डॉ विभय तंवर, डॉ मनोज गुप्ता, बीकानेर शहरी क्षेत्र से डॉ एम ए दाऊदी, डॉ समीर मोहम्मद, डॉ तिलक राज उप्पल, डॉ देवानंद सहित चिकित्सा अधिकारी शामिल हुए।

मीडिया में प्रकाशित ख़बरों को गंभीरता से लेने के निर्देश
डॉ. गुप्ता ने सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाचार पत्रों वह अन्य मीडिया में प्रकाशित लू-तापघात के रोगियों की सूचना का सत्यापन करते हुए कुल प्रभावित रोगियों की सूचना नियमित रूप से भिजवाएं। प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनसाधारण को लू-तापघात से बचाव एवं उपचार हेतु जानकारी अपने स्तर से समय-समय पर प्रसारित करावें। लू ताप घात के रोगियों की दैनिक सूचना आईएचआईपी पोर्टल पर दैनिक रूप से अपलोड करने के निर्देश भी जारी किए हैं।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!