बीकानेर। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से रविवार को आयोजित संडे स्पोर्ट्स लैब में करीब 120 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। यह स्पोर्ट्स लैब लिलीपोंड पब्लिक पार्क में राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस के विशेष अवसर पर आयोजित की गई इस कार्यक्रम में खेल, फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए बच्चों एवं अभिभावकों को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 2.5 किलोमीटर रनिंग से हुई। इसके बाद जुंबा डांस, पंजाबी डांस और देशभक्ति गीतों के माध्यम से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बच्चों के लिए कॉम्बिनेशन एवं कोऑर्डिनेशन आधारित खेल गतिविधियां करवाई गईं, जिनके माध्यम से टीम स्पिरिट, आपसी सहयोग, अनुशासन और एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी सुमन जी ने बच्चों को खेल एवं फिटनेस के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयं भी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
खेल गतिविधियों का संचालन कोमल ,हिताशा , साक्षी, कुसुम, निशा एवं रिशिता ने किया। वहीं अभिषेक, रुद्राक्ष, निहाल एवं निकोलस की टीम , रामनिवास ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के नियम एवं तरीके समझाए और पूरे कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया। चित्रा, प्रेक्षा, यश एवं निहाल ने खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से बातचीत कर उनके अनुभव एवं सुझाव भी लिए।
राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस के अवसर पर दो परिवारों के दादा-दादी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही बच्चों को नशे से दूर रहने, स्क्रीन टाइम कम करने तथा खेल और परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए प्रेरित किया।
उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को पारिवारिक जुड़ाव और पीढ़ियों के बीच संवाद का विशेष संदेश दिया।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के निदेशक उमाशंकर जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल और फिटनेस बच्चों को अन्य बच्चों से अलग पहचान दिलाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार दिया गया। इसके बाद पूरी टीम एवं प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीत गाए और “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया ।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि संडे स्पोर्ट्स लैब का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को हर सप्ताह खेल और फिटनेस से जोड़ना तथा उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी गतिविधियों के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि बीकानेर की कोई प्रतिभा भविष्य में देश का नाम रोशन करे। अगले रविवार को भी इससे बेहतर और नई गतिविधियों के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
कार्यक्रम में रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी के 4 से 7 वर्ष की आयु के नन्हे जिम्नास्टों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया,ये नन्हे खिलाड़ी कम उम्र से ही जिम्नास्टिक्स के प्रशिक्षण से जुड़कर बीकानेर में इस खेल की पहचान को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन एवं रिस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी की संयुक्त पहल का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें बेहतर मंच एवं दिशा प्रदान करना है।

Categories: GENERAL NEWS, SPORTS / HEALTH / YOGA / MEDITATION / SPIRITUAL / RELIGIOUS / HOROSCOPE / ASTROLOGY / NUMEROLOGY







