बीकानेर: स्काईवॉक में 350 बच्चों ने लिया नशामुक्ति और पटाखा मुक्त दिवाली का संकल्प, वीरागंगाना चंद्रकला भूरा ने किया जागरूक

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर: स्काईवॉक में 350 बच्चों ने लिया नशामुक्ति और पटाखा मुक्त दिवाली का संकल्प, वीरागंगाना चंद्रकला भूरा ने किया जागरूक

बीकानेर। महावीर इंटरनेशनल गंगाणा वीरा केंद्र की ओर से एलएनसी स्कूल (स्काईवॉक) में 350 बच्चों के लिए विशेष पिकनिक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन वीरा ओनम भूरा ने किया। इस अवसर पर बच्चों को भोजन भी कराया गया। कार्यक्रम में स्कूल के डायरेक्टर वीर भारत भूरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महावीर इंटरनेशनल गंगाणा वीरा केंद्र की चेयरपर्सन वीरागंगाना चंद्रकला भूरा को आमंत्रित किया गया। उन्होंने खुले मैदान में एकत्रित बच्चों को संबोधित करते हुए नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में वीरागंगाना चंद्रकला भूरा ने कहा कि दीपावली दीयों का त्योहार है, पटाखों का नहीं। पटाखे जलाने से वायु और ध्वनि प्रदूषण फैलता है तथा आंखों और कानों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। इसके अलावा पटाखों पर खर्च होने वाला पैसा भी व्यर्थ जाता है। उन्होंने बच्चों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और इस दीपावली पटाखों से दूर रहकर त्योहार मनाने की अपील की।

उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि बीड़ी, सिगरेट और गुटखा जैसी हानिकारक आदतें जीवन और भविष्य को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने मोबाइल के अनुचित इस्तेमाल से बचने की सलाह देते हुए बच्चों को शिक्षा, अच्छे संस्कारों और सकारात्मक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों ने अनुशासन के साथ नशे से दूर रहने और पटाखा मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल के डायरेक्टर वीर भारत भूरा ने वीरागंगाना चंद्रकला भूरा का आभार व्यक्त किया।

Categories:
error: Content is protected !!