गंगाशहर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में नेशनल ग्रीन कोर योजना के अंतर्गत श्री गोपेश्वर विद्यापीठ, गंगाशहर में स्वस्थ जीवनशैली जागरूकता कार्यक्रम एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय संघ गंगाशहर के प्रधान भवानी शंकर जोशी, उपप्रधान एवं समन्वयक गिरिराज खैरीवाल, एडीसी स्काउट डॉ. करनीदान कच्छवाह, सचिव प्रभु दयाल गहलोत, डॉ. वत्सला गुप्ता, डॉ. नेहा दादिच एवं सीओ गाइड मीनाक्षी भाटी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात स्काउट प्रार्थना हुई। गिरिराज खैरीवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा मंचस्थ अतिथियों का स्काउट स्कार्फ पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया गया।
मीनाक्षी भाटी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। डॉ. वत्सला गुप्ता ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ रहने के उपाय बताए। वहीं डॉ. नेहा दादिच ने आयुर्वेदिक जीवनशैली की महत्ता बताते हुए दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतें अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. करनीदान कच्छवाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन अर्जित करना पड़ता है। इसके लिए हमें कुछ बुरी आदतों को छोड़ना और कुछ अच्छे संकल्प अपनाने होते हैं। नशे से दूर रहने का संकल्प भी ऐसा ही एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जो व्यक्ति के जीवन की दिशा बदल सकता है। उन्होंने कहा कि ‘नशे को ना कहिए’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाया गया कदम है।
इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीनासर के प्राचार्य डॉ. करनीदान कच्छवाह ने अपने ‘नशे को ना कहिए – Say No to Drugs’ जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन जीने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। अंत में स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नियमित व्यायाम, साइकिल के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया।







