बीकानेर। आज जेठानंद व्यास विधायक बीकानेर पश्चिम द्वारा महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में इस सत्र में पांच नए विषयों में स्नातकोत्तर कमोन्नत हुए विभागों, स्मार्ट क्लास रूम कक्ष संख्या 32 और वाई-फाई कक्ष का उद्घाटन किया गया। मंचस्थ मुख्य अतिथि श्री जेठानंद व्यास विधायक बीकानेर पश्चिम, महाविद्यालय प्राचार्य प्रो रजनी रमण झा, वरिष्ठ संकाय सदस्या डॉ अभिलाषा आल्हा एवं डॉ मंजू मीणा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके सरस्वती वंदना के साथ किया गया। महाविद्यालय की संगीत विभाग की छात्राओं के द्वारा डॉ ओमप्रकाश सचदेवा और डॉ. सरिता स्वामी के निर्देशन में तैयार की गई सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमान जेठानंद जी व्यास का महाविद्यालय प्राचार्य डॉ रजनी रमन झा द्वारा माल्यार्पण, डॉ हनुमानमल देवरा डॉ निधि अग्रवाल एवं डॉक्टर श्रीकांत व्यास द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट करके किया गया। प्रोफेसर अभिलाष आल्हा ने अतिथियों के स्वागत के लिए स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। तत्पश्चात महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रजनी रमन झा ने महाविद्यालय की उपलब्धियां और उसकी आवश्यकताओं को प्रस्तुत किया एवं माननीय विधायक जी को एक मांग पत्र भी प्रेषित किया जिसमें उन्होंने महाविद्यालय की प्रगति और छात्राओं के शैक्षिक उन्नयन के लिए विभिन्न प्रकार की आवश्यकताओं को देखते हुए कुछ मांगे रखी। नवीन विषयों में स्नातकोत्तर विभागों के विभाग अध्यक्षों डॉ मोनिका क्षेत्रपाल, डॉ. संजू श्रीमाली, डॉ. सुनीता बिश्नोई डॉ. सुरेंद्र जांदू और डॉ.कविता जोशीने भी मंच के माध्यम से अपने-अपने विभागों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं से अवगत करवाया। अपने उद्बोधन में माननीय विधायक महोदय ने प्राचार्य द्वारा रखे गए मांग पत्र पर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया और साथ ही सभागार में उपस्थित छात्राओं को इस बात का भी आश्वासन दिया कि वह इस महाविद्यालय में भी उन सभी विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करवाने का प्रयास करेंगे जितने विषयों में डूंगर महाविद्यालय में स्नातकोत्तर की कक्षाएं संचालित की जा रही है। वाई फाई केंद्र के उद्घाटन के संबंध में उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि हमें मोबाइल का प्रयोग हमारी आवश्यकता अनुसार ही करना चाहिए उसका दुरुपयोग हमें नहीं करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने छात्राओं से यह भी कहा कि वह शीघ्र ही जर्जर पड़े हुए छात्रावास को पुनः निर्मित एवं संचालित करवाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम की समाप्ति पर डॉ. मंजू मीणा ने सभी आगंतुकों का आभार अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ राधा सोलंकी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य और छात्राएं उपस्थित रही।

Categories: GENERAL NEWS







