केशवदत्त आचार्य मृत्यु प्रकरण में एसपी मृदुल कच्छावा से मिले प्रतिनिधिमंडल, कठोर कानूनी कार्रवाई एवं टेंडर की निष्पक्ष जांच की मांग…

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। 31 अक्टूबर 2026 को नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर से हुई सड़क दुर्घटना में घायल हुए श्री केशवदत्त आचार्य तथा उपचार के दौरान 9 नवंबर 2026 को उनके निधन के प्रकरण को लेकर आज बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रतिनिधि मंडल में भाजपा पूर्व ज़िलाध्यक्ष डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत , अजय खत्री तथा दिवंगत केशवदत्त आचार्य के परिवार की ओर से डॉ. शरददत्त आचार्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को प्रकरण की गंभीरता से अवगत करवाते हुए लिखित पत्र सौंपा और मामले में सभी तथ्यों की जांच कर कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई करने का आग्रह किया।
डॉ सत्यप्रकाश आचार्य ने मामले में नगर निगम के कचरा संग्रहण टेंडर एवं ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मांग रखी कि वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव, वाहन के आवश्यक दस्तावेज तथा टेंडर की शर्तों के अनुसार कंपनी द्वारा सभी नियमों एवं पात्रताओं का पालन किया जा रहा है या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जाए, ताकि पूरे प्रकरण की वास्तविक जिम्मेदारी तय हो सके।
एडवोकेट अशोक प्रजापत ने पुलिस अधीक्षक से मांग कि इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल चालक ही नहीं, बल्कि यदि अन्य स्तरों पर भी लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी कानून सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि आज सुबह केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री, का भी इस प्रकरण को लेकर उनके पास फोन आया था। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर के पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक तथा जिला कलक्टर से मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में बात की है तथा आवश्यक निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि दुर्घटना से संबंधित चालक की पहचान एवं तफ्तीश कर ली गई है तथा उसे आगामी एक-दो दिनों में बीकानेर लाने की कार्रवाई की जा रही है।
परिवार की ओर से शिकायतकर्ता डॉ. शरददत्त आचार्य ने पुलिस अधीक्षक को परिवार की पीड़ा एवं परिस्थितियों से अवगत करवाते हुए स्पष्ट कहा कि परिवार को किसी प्रकार के मुआवजे की अपेक्षा नहीं है, बल्कि उनकी मांग केवल न्याय की है, ताकि भविष्य में बीकानेर शहर में ऐसी दर्दनाक दुर्घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने कहा कि बीकानेर एक शांतिप्रिय शहर है और इस प्रकार की घटनाएं शहर की छवि को भी प्रभावित करती हैं।
डॉ. शरददत्त आचार्य ने भावुक होकर कहा कि इस दुर्घटना में परिवार ने अपने मुखिया को खो दिया है। यह केवल एक सामान्य सड़क दुर्घटना का मामला नहीं है, बल्कि एक परिवार की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि इस प्रकरण को मानवीय संवेदनाओं एवं गंभीरता के साथ देखते हुए न्याय सुनिश्चित किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मामले के तथ्यों एवं कानूनी पहलुओं का परीक्षण कर कानून के तहत जो भी कठोरतम धाराएं बनती हैं, उनमें कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से प्रयास करेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय करेगा और स्वर्गीय श्री केशवदत्त आचार्य को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई करेगा।

Categories:
error: Content is protected !!