आजीवन शिक्षा एवं नशा मुक्त परिवार विषय पर संवाद, विद्यार्थियों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प

चित्रकला में प्रिया स्वामी और निबंध में सक्षम सिंह रहे प्रथम

बीकानेर, 28 नवम्बर। भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ, नई दिल्ली के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में राजस्थान शाखा के तत्वावधान में शनिवार को बेसिक पीजी कॉलेज में ‘आजीवन शिक्षा एवं नशा मुक्त परिवार’ विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हिंदी निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं गुरुजनों को नशामुक्त परिवार का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद् एवं शिविरा के पूर्व संपादक श्री ओमप्रकाश सारस्वत थे। अध्यक्षता शिक्षाविद् श्री रामजी व्यास ने की। साहित्यकार श्री राजाराम स्वर्णकार विशिष्ट अतिथि तथा युवा गीतकार एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

प्रारंभ में वैज्ञानिक डॉ. फारूक चौहान ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य वक्ता डॉ. हरिशंकर आचार्य ने आजीवन शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों और औपचारिक कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर चलने वाली सतत प्रक्रिया है।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सारस्वत ने कहा कि बदलते समय के साथ नए ज्ञान, कौशल और अनुभव प्राप्त करना व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि साहित्यकार राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि आजीवन शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और सामाजिक रूप से जिम्मेदार बनाती है।
भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ राजस्थान शाखा के अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी ने कहा कि भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ समाज में नई चेतना और जागरूकता लाने का प्रयास कर रहा हैं उन्होंने कहा कि नशा मुक्त परिवार स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। परिवार और समाज में जागरूकता के माध्यम से नशे की प्रवृत्ति को रोकने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता है।
शिक्षाविद रामजी व्यास ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा और संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अतिथियों ने विजेता-उप विजेता विद्यार्थियों को योग्यता प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ राजस्थान शाखा की गतिविधियों तथा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने आजीवन शिक्षा को नई शिक्षा नीति में दिए गए महत्व का उल्लेख करते हुए समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता जताई।

प्रतियोगिताओं के परिणाम

चित्रकला प्रतियोगिता में प्रिया स्वामी ने प्रथम, गुंजन आचार्य ने द्वितीय तथा परी भादानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में सक्षम सिंह प्रथम, चन्दा सुथार द्वितीय तथा जान्वी चावरियां तृतीय स्थान पर रहे।

दोनों प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. सुरेश पुरोहित, डॉ. मुकेश ओझा एवं कला व्याख्याता श्री रामकुमार भादानी शामिल रहे।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Categories:
error: Content is protected !!