बीकानेर, 27 नवम्बर 2026।भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, क्षेत्रीय निदेशालय, जयपुर के निर्देशानुसार राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री भवानी प्रकाश ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NMHP) एवं एस.पी. मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के प्रोफेसर डॉ. हरफूल सिंह बिश्नोई रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आलोक व्यास, प्रभारी अधिकारी विज्ञान एवं मानवीकी तथा जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम इकाई से CRA श्री विनोद पंचारिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्री महिपाल सिंह, प्रवक्ता श्री आनंद कृष्ण एवं श्री हितेश सैनी ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रोफेसर डॉ. हरफूल सिंह बिश्नोई ने “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है। नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसकी शिक्षा, रोजगार, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
महाविद्यालय प्राचार्य श्री भवानी प्रकाश ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य के निर्माता हैं। नशा व्यक्ति की प्रतिभा, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार भी जाने।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं द्वारा नशे के विरुद्ध आकर्षक एवं प्रेरणादायक स्लोगन तैयार किए गए। इन स्लोगनों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति से संबंधित पोस्टर, बैनर, झंडे एवं स्लोगनों के माध्यम से समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आलोक व्यास ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता श्री कमलप्रीत कौर एवं श्री हितेश सैनी ने किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर खेलकूद प्रभारी डॉ. एस.एल. प्रजापत, अतिथि प्रवक्ता डॉ. अरुण व्यास, श्री राजेंद्र टाक, डॉ. मोहिनी मौर्य, श्री विद्यासागर ओझा, श्री बालूराम, श्री दिव्यम किरोड़ी, सुश्री खुशबू शर्मा, सुश्री इसरत जहाँ, श्री महेंद्र सिंह सहित महाविद्यालय के कार्मिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा एक स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।








