संविधान दिवस पर MY Bharat बीकानेर द्वारा विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बी.जे.एस. रामपुरिया जैन महाविद्यालय में युवाओं ने विकसित भारत@2047 एवं नशामुक्त भारत के संकल्प पर किया संवाद

पद्म पुरस्कार से सम्मानित श्री एम.डी. अली एवं श्री एम.डी. गनी ने युवाओं के साथ साझा किए अपने प्रेरणादायक अनुभव

बीकानेर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), बीकानेर द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर बी.जे.एस. रामपुरिया जैन महाविद्यालय, बीकानेर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत@2047” रहा, जिसके माध्यम से युवाओं को भारत की विकास यात्रा, विकसित राष्ट्र के संकल्प तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

यह कार्यक्रम देशभर के 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में आयोजित की जा रही राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य अमृत पीढ़ी की ऊर्जा एवं क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से mobilise करना तथा युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श का मंच प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत@2047 की संकल्पना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें भारत की विकास यात्रा, गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर प्रकाश डाला गया। साथ ही नशे की समस्या से उत्पन्न सामाजिक चुनौतियों और स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्म पुरस्कार से सम्मानित श्री एम.डी. अली एवं श्री एम.डी. गनी रहे। दोनों विशिष्ट अतिथियों ने अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और उपलब्धियों को युवाओं के साथ साझा किया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित युवाओं में राष्ट्र एवं समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने का उत्साह जागृत किया।

संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति के संदेश का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सुश्री विजेता मजूमदार के नेतृत्व में MY Bharat, बीकानेर द्वारा किया गया।

MY Bharat का यह प्रयास युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी ऊर्जा, विचारों एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित भारत के संकल्प की दिशा में सकारात्मक रूप से उपयोग करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नशामुक्त युवा – विकसित भारत की आधारशिला।

Categories:
error: Content is protected !!