गंगाशहर। सेठ रावत मल बोथरा गर्ल्स कॉलेज, गंगाशहर में दो दिवसीय खेलकूद गतिविधियों के अंतर्गत कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने पूरे जोश, उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन, रणनीति एवं टीमवर्क ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
प्रतियोगिता में सलोनी चौधरी एवं उनकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। खेल के दौरान छात्राओं ने अनुशासन, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम का आयोजन खेलकूद प्रभारी दुलीचंद भाटी के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता के स्कोर बोर्ड का संचालन जयश्री पंचारिया ने किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा बोथरा ने छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
महाविद्यालय के प्रबंधक शांति लाल बोथरा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता टीम को बधाई दी तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को आवश्यक बताया।
प्रतियोगिता का आयोजन छात्राओं में खेल भावना, शारीरिक स्वास्थ्य एवं आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।








