नई दिल्ली। देश की प्रमुख केंद्रीय सेवाओं के लिए योग्य अधिकारियों का चयन करने वाले संघ लोक सेवा आयोग के शताब्दी वर्ष के अवसर पर भारत सरकार द्वारा 100 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा।
संघ लोक सेवा आयोग देश की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए योग्य अधिकारियों के चयन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से प्रशासनिक, पुलिस, विदेश, रेल सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।
भारत सरकार द्वारा आयोग की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 1926-2026 की शताब्दी यात्रा को स्मरणीय बनाने के लिए यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया जा रहा है। इसका आवरण 1 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह में किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे।
सिक्कों का संग्रह और अध्ययन करने वाले प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री बीकानेर के सुधीर लुणावत ने बताया कि यह 100 रुपये का स्मारक सिक्का 40 ग्राम शुद्ध चांदी से निर्मित है और इसका निर्माण भारत सरकार की मुंबई टकसाल में किया गया है।
सुधीर लुणावत के अनुसार, सिक्के के एक भाग पर संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य इमारत की आकृति अंकित की गई है। इसके ऊपरी किनारे पर देवनागरी लिपि में “संघ लोक सेवा आयोग” तथा निचले किनारे पर अंग्रेजी भाषा में इसका नाम अंकित होगा। इमारत के नीचे “1926-2026” तथा शताब्दी वर्ष का उल्लेख किया गया है।
सिक्के के दूसरे भाग के मध्य में अशोक स्तंभ की सिंह आकृति अंकित है। इसके नीचे रुपये का प्रतीक चिन्ह और 100 का मूल्यवर्ग अंकित किया गया है। इसके दाएं और बाएं हिंदी तथा अंग्रेजी में “भारत” अंकित है।
शताब्दी वर्ष के अवसर पर जारी किया जा रहा यह विशेष सिक्का संघ लोक सेवा आयोग की स्थापना से लेकर वर्ष 2026 तक की 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा को स्मरणीय बनाएगा। साथ ही, यह देश की केंद्रीय लोक सेवाओं के लिए योग्य एवं प्रतिभाशाली अधिकारियों के चयन में आयोग की दीर्घकालीन भूमिका और योगदान का प्रतीक भी बनेगा।
वर्ष 1926 में स्थापित संघ लोक सेवा आयोग ने पिछले एक शताब्दी के दौरान देश की केंद्रीय लोक सेवाओं के लिए योग्य प्रतिभाओं के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शताब्दी वर्ष पर जारी होने वाला यह स्मारक सिक्का आयोग की ऐतिहासिक विरासत, सेवा और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को समर्पित होगा।







