बीकानेर, 28 नवंबर। बीकानेर बार एसोसिएशन के पूर्व सभापति स्व. रामकृष्ण दास गुप्ता की स्मृति में दो दिवसीय अधिवक्ता बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को शार्दूल क्लब में हुआ। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अश्विनी विज मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर स्व. रामकृष्ण दास गुप्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उनके भतीजे एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल संजय गुप्ता, राजस्थान विधिज्ञ परिषद के सदस्य कुलदीप कुमार शर्मा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित और सचिव हेमंत सिंह चौहान सहित बार के वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एकल मुकाबलों में दीपक वर्मा और विजेंद्र सिंह तथा अरविंद माथा और हिमांशु पुरोहित ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं पुरुष युगल वर्ग में अशोक सेठिया-जगदीश आचार्य, फूलचंद चौधरी-मोहित भाटिया, विजेंद्र सिंह-भानु सिंह तथा दीपक वर्मा-रवि कुमार भाटी की जोड़ियों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
महिला एकल वर्ग में शकीना और गरिमा के बीच फाइनल मुकाबला होगा। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाने प्रस्तावित हैं।








