गूंजेंगे वैदिक मंत्र; अभिषेक, अर्चन, यज्ञ, दीपमाला और अष्ट भैरव पूजन के साथ मनाया जाएगा जन्मोत्सव
बीकानेर। मंगलवार को मनाई जाने वाली काल भैरवाष्टमी के पावन अवसर पर बीकानेर की प्रमुख सांस्कृतिक एवं धार्मिक संस्था ‘रमक झमक’ के परिसर में रविवार से चार दिवसीय भैरव अष्टमी महोत्सव का भव्य आगाज होगा। रविवार से बुधवार तक चलने वाले इस महोत्सव में भैरवनाथ के जन्मोत्सव के तहत विविध खाश अनुष्ठान संपन्न होंगे।
भैरव साधक व रमक झमक संस्था के अध्यक्ष प्रहलाद ओझा ‘भैरूं’ ने बताया कि रविवार को महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा जिसमें पंडित भैरव भक्त एवं संतों का सानिध्य भी रहेगा।
गिलोय सहित पवित्र द्रव्यों से होगा अभिषेक:
महोत्सव के अंतर्गत बाबा भैरव का दूध, गुड़, तेल, गिलोय (अमृता), इत्र और पुष्प,शमी,कुशा जल ,पुष्प अर्क,जैसी शुभ और औषधीय सामग्रियों से विधिवत अभिषेक किया जाएगा। इससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक पवित्रता का संचार होगा।
सहस्रनाम और मूल मंत्र से अर्चन:
भैरव सहस्रनाम और मूल मंत्रों के उच्चारण के साथ बाबा का विशेष अर्चन होगा। इस दौरान पुष्प, पंचमेवा, उड़द बड़ा, गुलगुले और लौंग अर्पित कर साधना को पूर्ण किया जाएगा।
लगेगा भोग कटेगा रोग:
अनुष्ठान के क्रम में बाबा भैरव को विशेष नैवेद्य अर्पित किया जाएगा। नैवेद्य में मूंग बाक्ला, लापसी, इमरती तथा दूध और गुड़ जैसे भोग शामिल रहेंगे।
यज्ञ में होगी खास आहुतियां
महोत्सव के दौरान बाबा का भव्य श्रृंगार कर परिसर में आकर्षक दीपमाला सजाई जाएगी और वैदिक मंत्रों के साथ यज्ञ में खाश हलवा एवं खीर आहुतियां दी जाएंगी।जिससे समूचा परिसर आलोकित और धर्ममय हो उठेगा।
अष्ट भैरव,अस्त्र, यंत्र और वाहन पूजन होगा:
ओझा ने बताया कि महोत्सव में अष्ट भैरव का विशेष पूजन होगा। इसके साथ ही भैरव नामावली से अंग पूजन तथा बाबा के अस्त्र, यंत्र और वाहन पूजन के अनुष्ठान भी पूर्ण श्रद्धा व विधि-विधान से संपन्न किए जाएंगे।
गूंजेंगे पाठ स्तोत्र :
भैरव शतनाम, स्तोत्र और स्तुति का गान
महोत्सव के दौरान भैरव शतनाम पाठ, विभिन्न स्तोत्रों, स्तुतियों और भैरव योगिनी पूजन के स्वर गूंजेंगे, जिससे साधकों व श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और संबल प्राप्त होगा।
पोस्टर का हुआ लोकार्पण हुआ
महोत्सव की सूचना और व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु शनिवार को संत भावनाथ महाराज,पंडित राजेंद्र किराडू, पार्षद दुर्गादास छंगाणी,राधे ओझा एवं आशीष भादानी व अन्य गणमान्य जनों के सानिध्य में पोस्टर का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर संत भावनाथ महाराज ने कहा कि बाबा भैरव की उपासना करने से साधकों और भक्तों को जीवन के कष्टों से तुरंत राहत मिलती है। उन्होंने आह्वान किया कि भैरव अष्टमी के महापर्व को पूरे उत्साह, उमंग और विधि-विधान से अनुष्ठानपूर्वक मनाया जाना चाहिए।








