महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा एवं शैक्षणिक सत्र को समयबद्ध बनाए रखने की दिशा में परीक्षा परिणाम जारी करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। आज विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न कक्षाओं एवं संकायों के तेरह परीक्षा परिणाम घोषित किए हैं। शेष रहे परीक्षा परिणाम भी आगामी दो दिनों में दीपावली से पूर्व जारी कर दिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो .राजाराम चोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा परिणामों को शीघ्र एवं समयबद्ध जारी करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकांश कक्षाओं के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं तथा शेष परिणाम भी आगामी दो दिनों में जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता है कि विद्यार्थियों को दीपावली से पूर्व सभी परीक्षा परिणाम उपलब्ध करवा दिए जाएं, जिससे उन्हें आगे की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा मिल सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों एवं परीक्षा अनुभाग के समन्वय से परिणाम जारी करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा परिणाम जारी होने से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और वे आगामी शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारी समय पर कर सकेंगे।





