
बीकानेर। शहर में बुधवार शाम अचानक चली तेज आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इसी दौरान पुरानी कचेहरी परिसर से अपनी कार (RJ-07-CC-4132) में निकल रहे एडवोकेट मनीष गौड़ (उपाध्यक्ष, बार एसोसिएशन, बीकानेर) और उनके पिता वरिष्ठ एडवोकेट जगदीश शर्मा एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए।
जानकारी के अनुसार, जूनागढ़ चौपाटी के समीप अचानक एक सूखा बड़ा पेड़ और साथ ही विद्युत पोल गिर गया, जो सीधे उनकी कार पर आ गिरा। इस घटना में कार को भारी नुकसान पहुंचा, वहीं चौपाटी पर मौजूद फास्ट फूड के ठेले भी इसकी चपेट में आ गए।
गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना तुरंत जिला प्रशासन और नगर निगम, बीकानेर को दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों द्वारा गिरे हुए पेड़ एवं विद्युत पोल को हटाकर रास्ता साफ किया गया।
इस घटना के बाद प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित द्वारा पूर्व में कई बार जूनागढ़ चौपाटी की अव्यवस्थाओं और पुरानी कचेहरी परिसर की साफ-सफाई को लेकर जिला प्रशासन को लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।














Add Comment