
बीकानेर, 23 जुलाई। आयकर कर्मचारी महासंघ की प्लेटिनम जुबली (75 वर्ष) एवं 167वें आयकर दिवस के उपलक्ष्य में रोटरी क्लब अपराइज़, बीकानेर द्वारा आयकर कार्यालय, रानी बाजार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एच. पी. शर्मा (आयकर अधिकारी (मुख्यालय) एवं सचिव, ITGOA, बीकानेर) रहे। इस अवसर पर आयकर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रोटरी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर में 45 यूनिट रक्त संग्रहित किए गए, जो अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होंगे। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया।
रोटरी क्लब अपराइज़, बीकानेर की ओर से अध्यक्ष रुचि दफ्तरी, सचिव पारुल अग्रवाल एवं प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शिप्रा शंकर उपस्थित रहीं तथा शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शिप्रा शंकर एवं उनके पति रिटायर्ड ब्रिगेडियर सौगत मुखर्जी ने स्वयं रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, आयकर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।







