बीकानेर, 23 सितम्बर 2026 । भाकृअनुप–राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी), बीकानेर में रिफार्म उत्सव के रूप में 10 सितम्बर से प्रारम्भ हुए हिन्दी पखवाड़े का आज समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ। इस अवसर पर केन्द्र के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं इंटर्नशिप विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रारंभिक अवस्था में अपनी भाषा में पढ़ने-लिखने से सृजनात्मक क्षमता का अधिक विकास होता है और सीखने की प्रक्रिया भी सहज बनती है। उन्होंने कहा कि चीन और जापान जैसे विकसित देशों ने अपनी भाषाओं में ज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा दिया है। एआई के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिंदी में एआई आधारित तकनीकों का प्रयोग और अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने सभी से संवाद एवं विभागीय कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं केन्द्र निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने कहा कि ‘रिफॉर्म उत्सव’ के अंतर्गत केन्द्र में आयोजित हिन्दी पखवाड़ा राजभाषा के प्रगतिशील प्रयोग की दिशा में सार्थक पहल रहा। भाषा अनुसंधान, किसान एवं अन्य हितधारकों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण सेतु है। अतः अनुसंधान एवं कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग अपेक्षित है, ताकि अनुसंधान का लाभ समाज तक प्रभावी रूप से पहुँच सके। उन्होंने हिन्दी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा एवं भारत की भाषाई विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि शब्द और भाषा हमारे विचारों एवं संवाद के प्रमुख माध्यम हैं तथा पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं ने सहभागिता, रचनात्मकता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा दिया। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों को निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित किया।
केन्द्र के डॉ. राकेश रंजन, नोडल अधिकारी, राजभाषा ने हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा केन्द्र द्वारा राजभाषा के प्रगामी प्रयोग एवं प्राप्त उपलब्धियों संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं यथा- हिन्दी निबंध प्रतियोगिता में डॉ. श्याम सुंदर चौधरी ने प्रथम, श्री रणवीर सिंह ने द्वितीय तथा डॉ. अरूणा कुनियाल एवं डॉ. राकेश पूनिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इसी प्रतियोगिता में युवा पेशेवर में श्री मनमोहन व्यास ने प्रथम, सुश्री शिल्पा तँवर द्वितीय व सुश्री कल्याणी एवं श्री राम किशन तृतीय स्थान पर रहे हिन्दी टंकण प्रतियोगिता में श्री अखिल ठुकराल ने प्रथम, डॉ. राकेश पूनिया ने द्वितीय व डॉ. श्याम सुंदर चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रतियोगिता में युवा पेशेवरों में श्री मनमोहन व्यास प्रथम, श्री गोपाल पारीक द्वितीय व श्री राम किशन कुमावत तृतीय स्थान पर रहे। हिन्दी में भाषण प्रतियोगिता में डॉ. राजेन्द्र कुमार प्रथम, श्री रणवीर सिंह द्वितीय व डॉ. राकेश पूनिया तृतीय स्थान पर रहे। प्रोत्साहन पुरस्कार डॉ. रतन कुमार चौधरी, डॉ. श्याम सुंदर चौधरी व डॉ. विनोद कुमार यादव को मिला। इसी प्रकार हिन्दी में प्रश्न मंच में टीम 02 प्रथम स्थान पर व टीम 03 द्वितीय स्थान पर व टीम 04 तृतीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने एवं हिन्दीत्तर प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। पखवाड़े के तहत आयोजित इंटर्नशिप विद्यार्थियों की श्रुतिलेखन प्रतियोगिता में श्री उदित शर्मा ने प्रथम, सुश्री युक्ता शर्मा ने द्वितीय व श्री संजय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मंच साझा करते हुए धन्यवाद ज्ञापन श्री अखिल ठुकराल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश कुमार पूनियां, तकनीकी अधिकारी द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा श्री नेमीचंद बारासा, मुख्य तकनीकी अधिकारी, राजभाषा व श्री रणवीर सिंह, तकनीकी सहायक ने तैयार की।

Categories: GENERAL NEWS







