बीकानेर फल-सब्जी मंडी चुनाव: मुकुल झांब पैनल का ऐतिहासिक ‘क्लीन स्वीप’, विपक्ष का हुआ पूरी तरह सूपड़ा साफ

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। बीकानेर फ्रूट वेजि. मर्चेंट एण्ड कमीशन एजेन्ट्स सोसायटी (रजि.) के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणामों ने मंडी की राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। इस बार व्यापारियों ने पूरी एकजुटता दिखाते हुए मुकुल झांब के नेतृत्व वाले पैनल पर अपना पूरा भरोसा जताया और विपक्ष को करारी शिकस्त दी। चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए मुकुल झांब ने अध्यक्ष पद पर, शिव गहलोत ने उपाध्यक्ष पद पर, किशन लाल बजाज ने सचिव पद पर और मोहम्मद असलम ने कोषाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। केवल शीर्ष पद ही नहीं, बल्कि निदेशक मंडल की सभी सीटों पर भी मुकुल झांब पैनल का ही दबदबा रहा। इस चुनाव में आनंद पुरोहित, शेर मोहम्मद, इम्तियाज़ अहमद, मनोज कुमार अनेजा, प्रेम वाधवा, जगदीश कुमार अनेजा एवं मनोहर लाल रुपेला ने निदेशक पद पर जीत हासिल कर पूरे पैनल की जीत को ऐतिहासिक बना दिया। वहीं दूसरी ओर, अरविंद मिड्डा के नेतृत्व वाले और निवर्तमान अध्यक्ष शांतिलाल साद समर्थित विपक्षी खेमे को इस मुकाबले में खाली हाथ रहना पड़ा और उनके खाते में एक भी सीट नहीं आ सकी।

इस एकतरफा जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही मंडी परिसर में उत्सव का माहौल बन गया और सभी विजयी पदाधिकारियों का साथी व्यापारियों ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस मौके पर व्यापारियों का आभार जताते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकुल झांब ने कहा कि यह जीत किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि मंडी के प्रत्येक व्यापारी के विश्वास, उनकी अटूट एकजुटता और सकारात्मक बदलाव की सोच की जीत है। उन्होंने मंडी के सभी व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब चुनाव समाप्त हो चुके हैं और नई कार्यकारिणी बिना किसी भेदभाव के सभी को साथ लेकर चलेगी। नई टीम मंडी के बुनियादी विकास, प्रशासनिक व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाने और व्यापारियों की लंबे समय से लंबित स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेगी।

Categories:
error: Content is protected !!