खारी चारणान और कोटड़ी के विद्यार्थियों को मिला विशेषज्ञों से निःशुल्क करिअर मार्गदर्शन, करिअर मार्गदर्शिका का किया गया वितरण
कोलायत/बीकानेर। दीपावली अवकाश के बाद विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन देने का अभियान एक बार फिर शुरू हो गया है। बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन, बीकानेर द्वारा संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन कोलायत क्षेत्र में पहुंची। अभियान के अंतर्गत खारी चारणान एवं कोटड़ी के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए करिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, रोजगार के अवसरों और विभिन्न करिअर विकल्पों की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोलायत में आयोजित करिअर काउंसलिंग कार्यक्रम में राष्ट्रीय करिअर काउंसलर डॉ. चन्द्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को पहचानकर सही करिअर का चयन करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी देते हुए लक्ष्य निर्धारित करने और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दिनेश जीनगर ने इस पहल की सराहना करते हुए निर्विकल्प फाउंडेशन एवं करिअर काउंसलिंग टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को समय रहते अपने भविष्य के प्रति जागरूक करते हैं और उन्हें सही निर्णय लेने में मददगार साबित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्री राधाकृष्ण, श्रीमती स्नेहलता शर्मा, श्रीमती सविता ढिकवाल, श्रीमती मीना कुमावत, श्रीमती राजीन कलवानिया, श्री भरत कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
खारी चारणान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करिअर वैन टीम के पहुंचने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल व्यास ने टीम का स्वागत किया। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि उम्मेदाराम सहित मांगीलाल, भंवरलाल, बजरंग लाल एवं गोपीराम विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीण क्षेत्र में विद्यार्थियों को उनके विद्यालय में ही विशेषज्ञों से करिअर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की इस पहल की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सराहना की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय करिअर काउंसलर डॉ. चन्द्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि करिअर का चयन अपनी रुचि, योग्यता, क्षमता और कौशल को पहचानकर करना चाहिए। केवल दूसरों की देखा-देखी या सामाजिक दबाव में लिया गया निर्णय भविष्य में कठिनाई पैदा कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, उपलब्ध अवसरों की जानकारी जुटाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा तथा रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
करिअर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को करिअर काउंसलिंग वैन परियोजना के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विशेषज्ञ करिअर मार्गदर्शन पहुंचाना है, जिससे वे समय रहते अपने भविष्य के लिए सही निर्णय ले सकें। कार्यक्रम में मनन श्रीमाली ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया।
इसी क्रम में कोटड़ी के राजकीय विद्यालय में भी करिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य तरुणा गोठवाल एवं शिक्षिका शिल्पा मोहता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से करिअर संबंधी विभिन्न सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्विकल्प फाउंडेशन की ओर से तैयार की गई करिअर मार्गदर्शिका का निःशुल्क वितरण किया गया। इस पुस्तिका में विभिन्न करिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य की संभावनाओं से जुड़ी उपयोगी जानकारियां संकलित हैं, जो विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक योजना बनाने में सहायक होंगी।





