डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ सफलता की ओर बढ़ने के लिए किया प्रेरित
चरकड़ा/बीकानेर। विद्यार्थियों को सही करिअर दिशा प्रदान करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह आसान बनाने के उद्देश्य से बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन गुरुवार को चरकड़ा की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची। करिअर वैन के विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न करिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा, कौशल विकास तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
विद्यालय परिसर में करिअर वैन टीम का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य बृज मोहन मारू एवं उपप्राचार्य मुरलीधर पालीवाल ने साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर किया। विद्यालय प्रशासन ने बीकाजी एवं निर्विकल्प फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में उपयोगी प्रयास बताया।
सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता
कार्यक्रम में नेशनल करिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अपनी क्षमताओं को पहचानना, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी रुचि, योग्यता और कौशल को समझकर करिअर का चयन करें तथा चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना आत्मविश्वास के साथ करें।
उन्होंने करिअर चयन के दौरान सही जानकारी और समय पर मार्गदर्शन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा एवं भविष्य की योजनाओं के प्रति गंभीर रहते हुए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
करिअर वैन परियोजना और मार्गदर्शिका की दी जानकारी
काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित करिअर काउंसलिंग वैन परियोजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक करिअर संबंधी उपयोगी जानकारी और विशेषज्ञ मार्गदर्शन पहुंचाना है, ताकि विद्यार्थी उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगार के विभिन्न अवसरों से परिचित हो सकें।
परियोजना से जुड़े केशव आचार्य ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रकाशित ‘करिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तक के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मार्गदर्शिका की उपयोगिता समझाते हुए विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक एवं करिअर संबंधी जानकारी का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
टीम के समन्वय से सफल हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम का संचालन मनन श्रीमाली एवं विद्यालय के व्याख्याता शगीर खान ने संयुक्त रूप से किया। दोनों ने कार्यक्रम की गतिविधियों का समन्वय करते हुए विद्यार्थियों तक करिअर मार्गदर्शन से जुड़ी जानकारी पहुंचाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और करिअर संबंधी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय प्रशासन एवं स्टाफ के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला रहा।

Categories: GENERAL NEWS





