सीपी जोशी बोले-एक परिवार में 12, दूसरे में 2 बच्चे:ऐसा कब तक चलेगा; बच्चे कम होंगे तो सरकारी योजनाएं ठीक से धरातल पर उतरेंगी

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के ‘3 से ज्यादा बच्चे तो सरकारी सुविधाएं नहीं मिलेंगी’ बयान का समर्थन किया है। सीपी जोशी ने कहा- बढ़ती हुई जनसंख्या को रोकने के लिए कुछ तो इंतजाम करना चाहिए। एक परिवार में 12 बच्चे और एक परिवार में 2 बच्चे, ऐसा कब तक चलेगा? हर परिवार को सुविधाएं मिलनी चाहिए। बच्चे कम होंगे तो परिवार और देश के लिए बनाई गई योजनाएं ठीक से चलेंगी।
5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को लेकर सीपी जोशी कार्यकर्ताओं का मन टटोलने में जुटे हैं। सीपी जोशी सोमवार शाम 5:30 बजे नागौर के खींवसर में उपचुनाव की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
जोशी ने नागौर जिला भाजपा कार्यालय में जिला संगठन पदाधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद उपचुनाव के मद्देनजर खींवसर के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के साथ बंद कमरे में अलग से बैठक की। बातचीत में जोशी ने जनसंख्या, उपचुनाव की तैयारियां, प्रत्याशी चयन, वन नेशन वन इलेक्शन समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

नागौर जिला भाजपा कार्यालय में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी ली।
पढ़िए सीपी जोशी से बातचीत…
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा है कि 3 से ज्यादा संतान वालों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा, इस बयान पर क्या कहेंगे?
जोशी : कहीं न कहीं बढ़ती हुई जनसंख्या को रोकने के लिए कुछ तो इंतजाम करने चाहिए। चाहे नौकरी हो, चाहे सरकारी सुविधाएं हों या चुनाव हों, सब पर जनसंख्या का असर पड़ता है। एक परिवार में 12 बच्चे और एक परिवार में 2 बच्चे, ऐसा कब तक चलेगा? हर परिवार को सुविधाएं मिलनी चाहिए। तभी परिवार और देश की योजनाएं ठीक से बन सकेंगी और धरातल पर उतरेंगी।
उपचुनाव को लेकर क्या रणनीति रहेगी?
जोशी : नागौर की जिला कार्यसमिति में आगामी कार्यक्रमों को लेकर बैठक हुई। इन आगामी कार्यक्रमों में उपचुनाव की रणनीति भी शामिल है। क्योंकि जहां उपचुनाव हैं, वहां कांग्रेस या कांग्रेसी गठबंधन के नेता लंबे समय से जीतते आ रहे हैं, लेकिन इस बार के नतीजे अच्छे होंगे। लोकसभा चुनाव में लोगों के विश्वास को भ्रमित करने का प्रयास किया गया था, लोगों का भ्रम टूटा है। फिर से जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।
सीपी जोशी ने जिला भाजपा कार्यालय में खींवसर के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों से बात की।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा कह रहे हैं कि ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ के तहत भाजपा निकाय और पंचायती राज बंद करने की तरफ बढ़ रही है।
जोशी : उनको पता नहीं है कि पंचायती राज और नगर निकाय को मजबूती देने का काम भाजपा के समय में ही हुआ और कांग्रेस के समय में हमेशा नगर निकाय और पंचायती राज को कमजोर करने का काम हुआ है। जब-जब भाजपा आई, तब हमेशा पंचायती राज और नगर निकायों को सुदृढ़ीकरण करने का काम हुआ है।
जनप्रतिनिधित्व को अधिकार देने का काम हुआ। महिलाओं को आरक्षण देने का काम हुआ। लेकिन कांग्रेस ने ग्राम स्वराज की परिकल्पना को अलग-थलग करने का प्रयास किया। राजस्थान में कांग्रेस ने पंचायती राज और नगर निकायों के चुनाव 5-6 चरणों में करवाए, क्या राजस्थान सरकार के पूरे 5 साल में आचार संहिता झेलता रहे?
एक बार चुनाव हो चाहे पंचायती राज हो या नगर निकाय, ताकि वहां के जनप्रतिनिधि चुनकर आएं। पहले हमेशा से परंपरा रही कि ग्राम पंचायत तथा पंचायत समिति व जिला परिषद के चुनाव एक दिन के अंतर से होते थे, लेकिन इन्होंने इस बार गैप कर दिया। ऐसा नहीं होना चाहिए।

भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने सीपी जोशी का स्वागत किया।
Add Comment