जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने किया अभय जैन ग्रन्थालय का अवलोकन, प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य को सराहा

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर, 4 नवम्बर। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने बुधवार को अभय जैन ग्रन्थालय का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रन्थालय के निदेशक ऋषभ नाहटा ने ग्रन्थालय में संरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों, पुस्तकों एवं उनके डिजिटलीकरण और संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

जिला कलेक्टर ने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। नाहटा ने बताया कि मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है तथा वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रक्रियाओं के माध्यम से इन्हें सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पांडुलिपियों के संरक्षण की प्रक्रिया और भावी पीढ़ियों तक इस अमूल्य ज्ञान-संपदा को पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत करवाया।

जिला कलेक्टर ने ग्रन्थालय में अगरचंद नाहटा द्वारा संकलित पांडुलिपियों एवं पुस्तकों के संग्रह का अवलोकन किया और कहा कि इस प्रकार का विशाल संग्रह आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी है। प्राचीन साहित्य एवं पांडुलिपियों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है।

अवलोकन के दौरान उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना एवं प्रशिक्षु आईएएस श्री मनु गर्ग भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू भी मौजूद रहे।

Categories:
error: Content is protected !!