लगभग 8 ट्रैक्टर ट्रॉलियां कचरा हटाकर डंपिंग क्षेत्र भेजा गया, नियमित सफाई व्यवस्था बनाने का प्रशासन से आग्रह
बीकानेर, 4 अक्टूबर।
“शिकायत नहीं, समाधान में सहभागिता” के संकल्प के साथ Hour for Nation द्वारा चलाए जा रहे साप्ताहिक स्वच्छता अभियान के पांचवें रविवार को आज न्यायालय पार्किंग एवं कलेक्ट्रेट के पास स्थित सार्वजनिक पार्किंग क्षेत्र की सफाई का कार्य पूर्ण किया गया। लगातार पांच रविवार तक चले इस अभियान में लगभग 8 ट्रैक्टर ट्रॉलियों में कचरा एवं झाड़ियां हटाकर डंपिंग क्षेत्र भेजी गईं।
इस अवसर पर बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित पूरे सफाई अभियान के दौरान उपस्थित रहे और टीम के साथ श्रमदान किया। पिछले पांच रविवारों के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अश्वन विग तथा एडीएम सिटी रीना ने भी अभियान स्थल का दौरा कर सफाई कार्य का अवलोकन किया था।
अब अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे
टीम ने बताया कि लगातार सफाई के बाद न्यायालय एवं कलेक्ट्रेट के पास स्थित यह पार्किंग क्षेत्र अब काफी व्यवस्थित और उपयोगी हो गया है। पहले कचरे एवं झाड़ियों से घिरे रहने वाले स्थान के साफ होने से अब अधिक संख्या में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
इसका एक महत्वपूर्ण सकारात्मक प्रभाव यह भी होगा कि अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों के अपने कार्यों के लिए कार्यालय या न्यायालय जाने के दौरान वाहनों में बैठे ड्राइवरों को भी अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। पार्किंग क्षेत्र के व्यवस्थित होने से यातायात एवं वाहन खड़े करने की व्यवस्था में भी सुधार की संभावना है।
टीम ने प्रशासन से आग्रह किया कि इस स्थान पर नियमित सफाई की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पांच रविवार के सामूहिक श्रमदान से हासिल किया गया यह परिणाम लंबे समय तक कायम रहे और भविष्य में यहां दोबारा कचरा एवं झाड़ियां जमा न हों।
सफाई के बाद चौखूंटी क्षेत्र में भी पहुंची टीम
आज के अभियान के बाद Hour for Nation की टीम चौखूंटी क्षेत्र में पहुंची, जहां स्थानीय निवासियों ने स्वयं एक स्थान की सफाई कर वहां स्वच्छता की मांग को लेकर टेंट लगाकर अपना ध्यान आकर्षित किया हुआ था। टीम ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें नैतिक समर्थन दिया और कहा कि सफाई के लिए केवल मांग या शिकायत करने की आवश्यकता नहीं है—टीम और क्षेत्रवासी मिलकर स्वयं भी सफाई कर सकते हैं।
टीम ने स्थानीय निवासियों को भरोसा दिलाया कि यदि वे तैयार हैं तो सामूहिक श्रमदान के माध्यम से क्षेत्र की सफाई में भी साथ दिया जाएगा। टीम का मानना है कि जब नागरिक और समाज मिलकर जिम्मेदारी लेते हैं, तो बदलाव की शुरुआत कहीं से भी की जा सकती है।
आज के अभियान में विनोद चौधरी, सुशील यादव, सीए वसीम रज़ा, मनोज सोनी, डॉ. फारूक अहमद, डॉ. वृजेन्द्र त्रिपाठी, किशोर भाटिया, इन्द्र सिंह, सुधेश व्यास, राजू ड्रेसर, सीए सुधीश शर्मा, मानक व्यास, श्री कंवर सिंह, डॉ. विशाल मलिक, गुरमोहन सेठी, रमेश उपाध्याय, देवकीशन तंवर, वंदना शर्मा, दीपा सिंह सहित टीम के सदस्य तथा बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित एवं उनकी टीम ने श्रमदान किया।
टीम का संदेश स्पष्ट है—सार्वजनिक स्थान केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, हम सभी की साझा जिम्मेदारी हैं। थोड़े समय का श्रमदान और सकारात्मक सोच मिलकर शहर की तस्वीर बदल सकती है।








