आठ से दस जनवरी तक होगा अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव, विभिन्न नवाचारों से देंगे भव्य रूप

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

जिला कलक्टर की अध्यक्षता में कैमल फेस्टिवल को लेकर बैठक

बीकानेर, 23 अक्टूबर। जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव में अधिक से अधिक देशी और विदेशी पर्यटकों की भागीदारी हो, इसके मद्देनजर इसका भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

जिला कलक्टर ने शुक्रवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई। ऊंट उत्सव की प्रारम्भिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि यह बीकानेर को विशेष पहचान दिलाने वाला आयोजन है। इस बार यह 8 से 10 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। इसे विभिन्न नवाचारों के साथ भव्य तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने इसकी रूपरेखा को जल्दी से जल्दी अंतिम रूप देने के निर्देश दिए और कहा कि वैश्विक स्तर पर इसका प्रचार हो, इसके लिए पारम्परिक माध्यमों के साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅम्र्स का उपयोग भी किया जाए।

सात-आठ जनवरी को होगा बीकानेर भुजिया महोत्सव

जिला कलक्टर ने बताया कि 7 और 8 जनवरी को ग्रामीण हाट में बीकानेरी भुजिया महोत्सव आयोजित होगा। इसके प्रोत्साहन के लिए उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की ओर से यह आयोजन किया जाएगा। भुजिया महोत्सव में भुजिया बनाने, पैकेजिंग एवं विपणन का प्रायोगिक प्रदर्शन एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। भुजिया व्यापारियों और निर्माताओं को आमंत्रित किया जाएगा तथा भुजिया उद्योग से जुड़ा संवाद होगा।

शीघ्र शुरू करें हैरिटेज सेल

जिला कलक्टर ने हैरिटेज संरक्षण के लिए नगर निगम की हैरिटेज सेल को शीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे जुड़े बायलाॅज को शीघ्र अंतिम रूप दे दिया जाए। उन्होंने जिले में पर्यटकों के लिए शहर में होम स्टे और गेस्ट हाउस की सुविधा बढ़ाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक श्री कृष्ण कुमार ने जिले के पर्यटन परिदृश्य के बारे में बताया और भावी योजना की जानकारी दी। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक श्री महेश व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Categories:
error: Content is protected !!