वित्तीय क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं से लेकर उच्च शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों की दी जानकारी
बीकानेर। विद्यार्थियों को सही समय पर कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन बुधवार को सेठ भैरूदान चोपड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीकानेर पहुँची। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कॅरिअर, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में चंद्रकला ब्रोकिंग कंपनी की एमडी सुमति सुराणा ने विद्यार्थियों को वित्तीय क्षेत्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में इस क्षेत्र में रोजगार एवं कॅरिअर की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों, आवश्यक कौशल एवं भविष्य में आगे बढ़ने के लिए जरूरी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को कॅरिअर चयन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने कॅरिअर का चुनाव अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को ध्यान में रखते हुए करना चाहिए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए सही समय पर कॅरिअर मार्गदर्शन प्राप्त करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कॅरिअर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों तक कॅरिअर के विभिन्न विकल्पों, उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों से जुड़ी जानकारी पहुँचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती तारा तंवर ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी का लाभ उठाते हुए अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया तथा परियोजना टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संयोजन मनन श्रीमाली ने किया। इस अवसर पर अनुपमा भोजक, मनीष ठाकुर, राधेश्याम जोशी, भवानी चौहान, शाहिद हसन, धर्मराज आसॆरी एवं अमित पुरोहित सहित विद्यालय के स्टाफ एवं अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कॅरिअर से संबंधित जानकारी में उत्साहपूर्वक भागीदारी की और विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर संवाद कर अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।







