संवेदनाओं की गर्माहट से महकी सेवा… बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने का अनूठा प्रयास
बीकानेर। सेवा ही संकल्प और मानवता ही धर्म के भाव को चरितार्थ करते हुए रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा व आरएलजी संस्थान की प्रेरणा से शनिवार को मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, वृंदावन एन्क्लेव, जयपुर रोड, बीकानेर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्लब द्वारा जरूरतमंदों एवं निवासरत वरिष्ठजनों को सर्दी से बचाव हेतु गर्म स्वेटर वितरित किए गए। साथ ही आरएलजी फाउंडेशन द्वारा वृद्धजनों के लिए राशन एवं भोजन सामग्री भेंट की गई।
यह सेवा कार्यक्रम रोटरी क्लब बीकानेर मरुधरा के अध्यक्ष रोटे सुधीर भार्गव द्वारा अपने पिता स्वर्गीय श्री वीरेंद्र कुमार भार्गव की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठजन महेंद्र कुमार गुप्ता ने अपना जन्मदिवस भी वहां निवासरत अन्य बुजुर्गों के साथ आत्मीयता एवं अपनत्व के वातावरण में मनाया। जन्मदिवस को सेवा और सहभागिता से जोड़ने का यह भाव कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा |
रोटे सुधीर भार्गव ने कहा कि अपने माता-पिता की स्मृति को समाजसेवा के कार्यों से जोड़ना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। मानव जीवन की सार्थकता दूसरों के जीवन में खुशियां और राहत लाने में है।
आरएलजी फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें केवल भौतिक सुविधाओं की ही नहीं, बल्कि सम्मान, स्नेह और आत्मीयता की भी आवश्यकता होती है। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद एवं वरिष्ठजन स्वयं को अकेला महसूस न करें। उनके साथ कुछ समय बिताना, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही वास्तविक सेवा है।
समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे सेवा कार्यों में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
आज के कार्यक्रम में रोटे मुकेश बेरवाल,रोटे अनिल बंसल,रोटे शकील अहमद सिद्दीकी, रोटे राकेश सोबती, रोटे डॉ अंबुज गुप्ता, रोटे डॉ विनय गर्ग,रोटे डॉ अनंत शर्मा,विक्रम सिंह,स्नेहा शर्मा ने संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सेवा केवल वस्तुओं का वितरण नहीं, बल्कि किसी के जीवन में अपनत्व, सम्मान और खुशियों की गर्माहट पहुंचाने का नाम है।








