निगम ने नहीं सुनी, पार्षद ने जेब से कराई सफाई, विधायक ने दिखाई हरी झंडी

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

मुरलीधर व्यास नगर में सफाई अभियान का आगाज

बीकानेर। मुरलीधर व्यास नगर, वार्ड नंबर 2 में दीपावली से पहले सफाई को लेकर एक अनूठी पहल देखने को मिली। वार्ड पार्षद दीपक व्यास ने नगर निगम से संसाधन न मिलने से नाराज होकर अपने निजी खर्चे पर सफाई अभियान का आगाज किया है।
मंगलवार दोपहर राजस्थान साहित्य अकादमी भवन के पास आयोजित समारोह में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने जेसीबी और ट्रैक्टर को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान में 20 सफाईकर्मी, दो ट्रैक्टर और दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, जिनका पूरा खर्च पार्षद दीपक व्यास स्वयं वहन करेंगे।
पार्षद दीपक व्यास ने बताया कि उन्होंने कई बार निगम आयुक्त और महापौर से वार्ड में सफाई संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। चुनाव के समय वार्ड को स्वच्छ रखने का जो वादा उन्होंने किया था, उसे पूरा करने के लिए यह कदम उठाना पड़ा।
समारोह में विधायक जेठानंद व्यास ने कहा, “दीपक व्यास की पहल स्वागत योग्य है। इस संबंध में मैंने निगम अधिकारियों से बात भी की है, लेकिन दीपावली के मौके पर पार्षद की अपने वार्ड के प्रति संवेदनशीलता का मैं कायल हूं।” उन्होंने कहा कि मुरलीधर व्यास नगर में जहां सड़कें नहीं हैं, वहां जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, कुछ जगह काम शुरू भी हो चुका है।
विधायक ने निगम की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि निगम में ठेकेदार और महापौर के बीच जो भी विवाद है, उसमें जनता नहीं पिसनी चाहिए। शहर को साफ-सुथरा रखना हम सबकी जिम्मेदारी है, निगम प्रशासन को यह समझना होगा।
कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र पारीक ने किया, जिन्होंने वार्ड की अन्य समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया। इस दौरान
जसुसर मंडल अध्यक्ष दिनेश चौहान,महामंत्री रघुनंदन आचार्य ,मोटूलाल हर्ष , दाऊ व्यास ,कन्हैयालाल व्यास , सुभाष आचार्य , रामजी व्यास सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

Categories:
error: Content is protected !!