रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स की पहल, गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक निकाली गई जागरूकता वॉकाथॉन; महापौर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्तन कैंसर की समय रहते पहचान एवं उपचार का संदेश देने के उद्देश्य से शुक्रवार को बीकानेर में ‘पिंक स्टेप्स–ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस वॉकाथॉन’ का आयोजन किया गया। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थियों, महिला समूहों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक आयोजित इस वॉकाथॉन को महापौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने गुलाबी रंग के परिधान पहनकर और स्तन कैंसर जागरूकता के प्रतीक पिंक रिबन के साथ महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। आयोजन की थीम ‘एक कदम, उनकी सेहत के नाम’ रखी गई। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जो महिलाएं परिवार और समाज के सभी सदस्यों का ख्याल रखती हैं, उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है।
इस अवसर पर बीकानेर नगर निगम के महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण पहल है और बीकानेर नगर निगम भी इस तरह के प्रयासों के साथ है। महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए जिस भी प्रकार के सहयोग एवं कार्य की आवश्यकता होगी, नगर निगम उसमें अपनी भूमिका निभाएगा।
प्राइवेट डॉक्टर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. गुरजीत कौर ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति स्वयं जागरूक होना होगा। किसी भी प्रकार की शारीरिक परेशानी या असामान्य बदलाव को छिपाने के बजाय समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। महिलाओं को आगे आकर नियमित स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए, ताकि बीमारी की पहचान शुरुआती अवस्था में हो सके।
रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष विपिन लड्ढा ने कहा कि रोटरी क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लगातार पहल कर रहा है। स्तन कैंसर एक गंभीर समस्या है और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आने की जरूरत है।








