ऑपरेशन नीलकंठ से प्रेरित जनजागरूकता अभियान को मिल रहा व्यापक समर्थन
बीकानेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान ‘नशे को ना कहिए—No to Drugs’ के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीनासर में विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ एवं आमजन ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ से प्रेरित इस अभियान का संचालन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. करनीदान कच्छवाह द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षक दीपक कुमार रंगा ने 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को नशे के दुष्परिणामों से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। अभियान के तहत अब तक 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं आमजनों के शपथ लेने का दावा किया गया है।
इसी क्रम में नव पूजा शिक्षण संस्थान बनेडिया एवं न्यू वर्शिप एजुकेशन एकेडमी, बनेडिया (राजसमंद) में भी एक हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ शपथ ली। संस्थान के संस्थापक शिव प्रसाद सनाढ्य ने अभियान की सराहना की। अभियान के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों एवं सामाजिक संस्थानों में नशामुक्त समाज के लिए जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।







