श्रीडूंगरगढ़ की छात्राओं को कॅरिअर की नई दिशा, कॅरिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जानकारी
श्रीडूंगरगढ़। “शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। आत्मविश्वास, मेहनत और मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ने वाली छात्राएं न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राष्ट्र का भी नाम रोशन कर सकती हैं।” यह बात श्रीडूंगरगढ़ के वृताधिकारी पुलिस (सीओ) निकेत पारीक ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित कॅरिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, कौशल विकास एवं रोजगार की संभावनाओं के बारे में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
छात्राओं से बोले सीओ निकेत पारीक— लक्ष्य तय करें और निरंतर मेहनत करें
मुख्य अतिथि सीओ निकेत पारीक ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। छात्राओं को पढ़ाई के साथ अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और अच्छे संस्कारों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए निरंतर मेहनत करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज छात्राओं के सामने शिक्षा और कॅरिअर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता इस बात की है कि वे अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा उपलब्ध अवसरों की सही जानकारी प्राप्त कर उनका उपयोग करें। निकेत पारीक ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने कार्यों के माध्यम से परिवार एवं समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
सही समय पर सही कॅरिअर मार्गदर्शन जरूरी : डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली
कार्यक्रम में नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शिक्षा प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय रहते सही कॅरिअर दिशा तय करना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने, अपनी रुचि एवं क्षमता को पहचानने और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि कॅरिअर काउंसलिंग वैन का उद्देश्य ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक कॅरिअर संबंधी उपयोगी और सटीक जानकारी पहुँचाना है, ताकि जानकारी के अभाव में किसी विद्यार्थी को अपने सपनों से समझौता न करना पड़े।
उच्च शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा उच्च शिक्षा संस्थानों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को ‘कॅरिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का वितरण भी किया गया, जिससे वे विभिन्न कॅरिअर विकल्पों को समझकर अपने भविष्य की योजना बना सकें।
टीम द्वारा आगामी जिला स्तरीय कॅरिअर गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि बीकानेर में आयोजित होने वाले शैक्षणिक एवं कॅरिअर कार्यक्रमों में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं वाहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में कॅरिअर काउंसलर लोचन पारीक ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन परियोजना की जानकारी दी। केशव आचार्य एवं मनन श्रीमाली सहित कॅरिअर काउंसलिंग टीम ने कार्यक्रम में सहयोग किया।
विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र दाधीच ने मुख्य अतिथि सीओ निकेत पारीक सहित सभी अतिथियों एवं कॅरिअर काउंसलिंग टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को सही समय पर सही मार्गदर्शन उपलब्ध करवाकर उनके भविष्य को नई दिशा देने में उपयोगी हैं।







