NATIONAL NEWS

केंद्रीय मंत्री करोड़पति, लेकिन उनके पास कार नहीं:भूपेंद्र यादव की पत्नी उनसे ज्यादा अमीर; कांग्रेसियों का बैंक बैलेंस घटा

TIN NETWORK
TIN NETWORK
FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

केंद्रीय मंत्री करोड़पति, लेकिन उनके पास कार नहीं:भूपेंद्र यादव की पत्नी उनसे ज्यादा अमीर; कांग्रेसियों का बैंक बैलेंस घटा

जयपुर

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन का बुधवार को आखिरी दिन था। राजस्थान की 12 सीटों पर 131 उम्मीदवारों ने नामांकन​ दाखिल किए। बीकानेर से भाजपा उम्मीदवार अर्जुनराम मेघवाल और जयपुर शहर से कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी नामांकन भरा।

प्रत्याशियों की ओर से दिए गए शपथ पत्र में उनकी प्रॉपर्टी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। राज्यसभा सांसद और अलवर से भाजपा के प्रत्याशी भूपेंद्र यादव की प्रॉपर्टी 6 साल में 1.21 करोड़ बढ़ी है। वहीं उनकी पत्नी उनसे ज्यादा अमीर हैं।

इसी तरह केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की भी प्रॉपर्टी पांच साल में डेढ़ करोड़ बढ़ी है। जयपुर ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह किले के मालिक हैं। प्रदेश में करीब चार महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में हारने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के बैंक बैलेंस में भारी कमी आई है।

यादव की संपत्ति बढ़ी
2018 में जब भूपेंद्र यादव ने राज्यसभा चुनाव लड़ा उस वक्त भूपेंद्र यादव और उनकी पत्नी को मिलाकर उनके पास 1.21 करोड़ की प्रॉपर्टी थी। बुधवार को दिए शपथ पत्र के अनुसार उनके पास 2.31 करोड़ की प्रॉपर्टी है। 2018 में भूपेंद्र यादव के पास 39.83 करोड़ और पत्नी के पास 36.25 करोड़ की चल संपत्ति थी, जबकि खुद के पास 45 लाख की अचल संपत्ति थी। पत्नी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं थी।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से ज्यादा उनकी पत्नी अमीर हैं। भूपेंद्र यादव के पास कोई मकान नहीं है। पत्नी के पास गुरुग्राम में घर और जमीन है। पत्नी के पास 1 किलो सोने के गहने हैं। यादव के पास 63.31 लाख और उनकी पत्नी के पास 1.68 करोड़ की संपत्ति है।

अर्जुन मेघवाल और उनकी पत्नी के पास 3.76 करोड़ की संपत्ति

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और उनकी पत्नी की प्रॉपर्टी पांच साल में 1.42 करोड़ बढ़ी है। पांच साल पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में दिए हलफनामे के अनुसार अर्जुन मेघवाल और उनकी पत्नी के पास कुल 2.34 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति थी। 2024 में यह संपत्ति बढ़कर 3.76 करोड़ हो गई है। इसमें अर्जुन मेघवाल के पास 2.38 करोड़ और उनकी पत्नी के पास 1.38 करोड़ की प्रॉपर्टी है।

सिनेमा घर और किले के मालिक हैं राव राजेंद्र सिंह

जयपुर ग्रामीण से भाजपा उम्मीदवार राव राजेंद्र सिंह 11.65 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी पत्नी भुवनेश्वरी कुमारी 5.42 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालिक हैं। वहीं 12.25 करोड़ रुपए कीमत की 15.36 हेक्टेयर एग्रीकल्चर जमीन इनके परिवार की साझा संपत्ति है। राव राजेन्द्र सिंह के पास विरासत में मिला एक किला और जमीन भी शामिल है। इस जमीन पर उन्होंने सिनेमाघर बना रखा है। इसके अलावा शाहपुरा में 25 दुकानें, वैशाली नगर, हनुमान नगर में एक 6750 वर्ग फीट का मकान है।

पत्नी ने पति को और बेटों ने मां को दे रखा है लाखों का कर्ज

प्रताप सिंह खाचरियावास ने अपने शपथ पत्र में बताया है कि उन्होंने अपनी पत्नी नीरज कंवर से 4.10 लाख रुपए उधार ले रखे हैं, जबकि प्रताप सिंह की पत्नी ने अपने दोनों बेटों आदित्य वर्धन और कृष्णवर्धन सिंह से क्रमश: 1 लाख रुपए और 2.59 लाख रुपए उधार ले रखे हैं।

नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में सिविल लाइंस सीट से नामांकन भरने के दौरान उन्होंने जो शपथ पत्र दिया था, उसमें खुद की चल संपत्ति 2.89 करोड़ रुपए के करीब बताई थी, जो इस बार लोकसभा चुनाव के शपथ पत्र में 1.58 करोड़ रुपए के करीब बताई गई है। पिछले चार महीने में उन्होंने अपने अलग-अलग 9 बैंक खातों से 1.31 करोड़ रुपए निकाले हैं।

भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा के पास खुद की कार नहीं

जयपुर शहर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा 2.36 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालिक हैं। इसमें एग्रीकल्चर जमीन, टोंक रोड पर बड़ा फ्लैट, बैंक खातों में 20 लाख रुपए से ज्यादा, 1.38 किलोग्राम सोना समेत अन्य संपत्ति है। करोड़ों की प्रॉपर्टी होने के बाद भी मंजू शर्मा के पास खुद की कार नहीं है। उनके पास अब भी 20 हजार रुपए कीमत का एक्टिवा स्कूटर है।

चोपड़ा दंपती के पास जयपुर में 10 प्लॉट

जयपुर लोकसभा ग्रामीण सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा ने शपथ पत्र में अपनी और पत्नी सीमा चोपड़ा की संपत्तियों का ब्योरा दिया है। इसमें दोनों के पास जयपुर में अनिल विहार नाम की कॉलोनी में 12 प्लॉट हैं, जिसमें से 10 पत्नी के नाम है। इन दोनों की अचल संपत्तियों की बाजार की कीमत क्रमश: 81.51 लाख रुपए और 2.91 करोड़ रुपए है। अनिल के पास 47.80 लाख रुपए कीमत की चल संपत्ति है, जिसमें एक फोर्ड एंडेवर कार, जेवरात, बैंक जमा और नकदी शामिल है। वहीं उनकी पत्नी के नाम 5.95 लाख रुपए की चल संपत्ति है।

गोविंद मेघवाल की पत्नी के पास 79 बीघा आवासीय कॉलोनी की जमीन

बीकानेर से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी पत्नी के पास बड़ा लैंड बैंक है। मेघवाल की पत्नी के पास बीकानेर के शिवबाड़ी में 79 बीघा आवासीय जमीन है, जिसे कॉलोनी डवलप करने के लिए 90 बी कंवर्जन करवा रखा है। इसके अलावा भी बीकानेर जिले में गोविंद मेघवाल और उनकी पत्नी के पास 155 एकड़ एग्रीकल्चर जमीन है।

चुनाव हारने के बाद मेघवाल ने खरीदी 42.55 लाख की एसयूवी
मेघवाल और उनकी पत्नी का विधानसभा चुनावों के बाद चार महने में ही बैंक बैलेंस 62.45 लाख रुपए कम हो गया है। गोविंद मेघवाल के खुद के खातों से चार महीने में 47.54 लाख और पत्नी के खातों से 14.91 लाख रुपए का बैलेंस कम हो गया है। विधानसभा चुनावों के समय गोविंद मेघवाल के बैंक खातों में 53.84 लाख जमा थे जो अब 6.30 लाख रह गए हैं। इसी तरह पत्नी के बैंक खातों में 16.70 लाख जमा थे जो अब कम होकर 1.79 लाख रह गए। गोविंद मेघवाल के पास विधानसभा चुनावों के समय खुद का कोई वाहन नहीं था। खाजूवाला से विधानसभा ​चुनाव हारने के बाद गोविंद मेघवाल ने 42.55 लाख रुपए में फॉर्च्यूनर एसयूवी खरीदी है।

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

About the author

THE INTERNAL NEWS

Add Comment

Click here to post a comment

error: Content is protected !!