जयपुर में मिला नवजात बच्चे का शव:श्मशान की दीवार के पास फेंका, लपटे कपड़े से निकल रहा था सिर
जयपुर

मुहाना इलाके में श्मशान की दीवार के पास झाड़ियों में नवजात बच्चे का शव पड़ा मिला।
जयपुर में नवजात बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। श्मशान की दीवार के पास झाड़ियों में नवजात का शव पड़ा हुआ था। लपटे कपड़े में से बच्चे का सिर बाहर निकला हुआ मिला। मुहाना थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव को दफनाना दिया। पुलिस ने FIR दर्ज कर अज्ञात परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।
ASI कल्याण प्रसाद ने बताया कि कीरो की ढाणी मुहाना स्थित श्मशान घाट के पास नवजात बच्चे का शव पड़ा मिला। हरिजन मोहल्ला मुहाना निवासी राहुल हरिजन बाइक से जा रहा था। श्मशान के पास से जाते समय टॉयलेट जाने के लिए बाइक रोकी। श्मशान की दीवार के पास जाने पर कपड़े में लिपटा नवजात बच्चे का शव पड़ा मिला।
नवजात बच्चे की लाश मिलने की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दीवार के पास झाड़ियों में पड़े शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया।
पुलिस का कहना है कि नवजात बच्चा एक-दो दिन का लग रहा है। जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मौत होना प्रतीत होता है। पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज को खंगालने के साथ अज्ञात परिजनों की तलाश कर रही है।








