देशभर में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू प्रदेश में 316 पदों पर होगी भर्ती

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

जयपुर, 7 अप्रैल। जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश के विभिन्न 17 राज्यों में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में अध्यापकों के 3 हजार 479 रिक्त पदों को भरने की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।

संयुक्त शासन सचिव, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग श्रीमती नेहा गिरि ने बताया कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ई.एम.आर.एस.) में प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, पीजीटी एवं टीजीटी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया कम्प्यूटर आधारित टेस्ट से होगी एवं टीजीटी के पदों को छोड़कर शेष सभी पदों के लिए साक्षात्कार भी लिए जाएंगे। यह भर्ती प्रक्रिया राज्य सरकारों द्वारा अपने स्तर पर की जायेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न आवासीय विद्यालयों में रिक्त 316 पदों पर भर्ती होगी जिनमें 16 पद प्रधानाचार्य, 11 पद उप प्रधानाचार्य, 102 पद पीजीटी व 187 पद टीजीटी के लिए है। श्रीमती गिरि ने बताया कि आवेेदन करने की तिथि 1 अप्रैल से शुरू हो गई है तथा अन्तिम तिथि 30 अप्रैल 2021 निर्धारित हैं। उन्होंने बताया कि भर्ती से सम्बंधित अधिक जानकारी अभ्यर्थी https://nta.ac.in व https://tribal.nic.in पर देख सकते हैं।

गौरतलब है कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने हेतु वर्ष 1998 में जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा शुरू की गई जो एक महत्वपूर्ण योजना है।

इस योजना में वर्ष 2018-19 में महत्वपूर्ण बदलाव किये गये जिससे कि इस योजना से लाभान्वित भौगोलिक क्षेत्र का विस्तार कर जहॉ आदिवासी जनसंख्या 50 प्रतिशत से अधिक है या 20 हजार से अधिक है वहां इस योजना का लाभ मिल सके।

Categories:
error: Content is protected !!