नूपुर को मारने आया पाकिस्तानी घुसपैठिया 20KM पैदल चला:भारत की सीमा तक पहुंचने के लिए 5 बसें बदलीं, गूगल मैप से बॉर्डर पार किया

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

नूपुर को मारने आया पाकिस्तानी घुसपैठिया 20KM पैदल चला:भारत की सीमा तक पहुंचने के लिए 5 बसें बदलीं, गूगल मैप से बॉर्डर पार किया
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की हत्या करने आए पाकिस्तानी घुसपैठिए रिजवान अशरफ ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। श्रीगंगानगर पुलिस ने बताया कि उसने पाकिस्तान में अपने घर से बॉर्डर तक 160 किलोमीटर का रास्ता तय करने के लिए 5 बसें बदली थीं। बॉर्डर पार करने के लिए वह गूगल मैप की मदद से 20 किलोमीटर तक पैदल चला। हालांकि, उसका प्लान फेल हो गया और बॉर्डर पार करते ही BSF ने उसे पकड़ लिया।श्रीगंगानगर के SP आनंद शर्मा ने बताया कि 24 साल का आरोपी रिजवान इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 180 किलोमीटर दूर पाकिस्तान में पंजाब के कोठियाल शेख का रहने वाला है। BSF पेट्रोलिंग टीम ने उसे 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे हिंदुमलकोट बॉर्डर फेंसिंग पर पकड़ा था। रिजवान ने मौलवियों की मीटिंग के बाद नूपुर की हत्या का प्लान बनाया था।

घुसपैठिया नहीं जानता था कि किस पोस्ट पर पहुंचेगा
गंगानगर SP ने बताया कि रिजवान ने कबूल किया है कि वह नूपुर शर्मा के विवादित बयान से बहुत नाराज था। उन्हें मारना चाहता था, इसी वजह से उसने भारत में घुसने का फैसला किया। हालांकि, उसे नहीं पता था कि वह भारत की किस पोस्ट पर पहुंचेगा या नूपुर शर्मा कहां रहती है। इसके बावजूद उसे भरोसा था कि वह नूपुर को खोज लेगा।

अजमेर में चादर चढ़ाने के बाद हत्या करना चाहता था
भारत में घुसने के बाद रिजवान श्रीगंगानगर से अजमेर दरगाह जाना चाहता था। वहां चादर चढ़ाने के बाद उसका नूपुर शर्मा की हत्या करने का प्लान था। इससे पहले ही वह BSF की नजर में आ गया। BSF ने रिजवान को पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने उसे लोकल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया गया था।

चाकू, मैप, कपड़े-खाना और धार्मिक किताबें बरामद
तलाशी लेने पर रिजवान के पास से दो चाकू मिले। इसके अलावा धार्मिक किताबें, मैप, कपड़े और खाने का सामान भी मिला। सूत्रों से पता चला है कि नूपुर की विवादित टिप्पणी को लेकर पाकिस्तान के पंजाब सूबे के कई इलाकों में कट्टरपंथियों और मौलवियों की बैठक हुई थी। मंडी इलाके की ऐसी ही एक बैठक में मौलवियों के उकसावे में आकर रिजवान ने नूपुर शर्मा की हत्या का प्लान बनाया और भारतीय बॉर्डर तक पहुंच गया।

घुसपैठिए का इंडियन कनेक्शन जानने की कोशिश
SP ने बताया कि अभी इन्वेस्टिगेशन चल रही है। BSF और सेना के बड़े अधिकारी भी पूछताछ के लिए पहुंचे हैं। ADG (सिक्योरिटी) एस सेंगाथिर भी श्रीगंगानगर पहुंच गए हैं। सभी अफसर घुसपैठिए से कुछ नया जानने और उसके भारत में किसी संगठन से कनेक्शन खंगालने की कोशिश कर रहे हैं।

Categories:
error: Content is protected !!